Lionel Messi 4 Goals: अक्सर 39 की उम्र में खिलाड़ी खेल छोड़ देते हैं पर लियोनेल मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र तो बस एक नंबर है. 39 साल के अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी मेसी ने शनिवार को इंटर मियामी के लिए ऐसा प्रदर्शन किया कि फैंस लंबे समय तक याद रखेंगे.
मेसी ने CF मॉन्ट्रियल के खिलाफ अकेले चार गोल दागे. मेसी के शानदार प्रदर्शन के बदौलत इंटर मियामी ने CF मॉन्ट्रियल को 7-1 से एक शानदार प्रदर्शन से हराया. यह MLS में इंटर मियामी के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है.
फ्री-किक से शुरू हुआ मेसी का शो
मैच के पहले हाफ में मॉन्ट्रियल ने मियामी को ज्यादा खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. लेकिन 40वें मिनट में मेसी ने फ्री-किक पर अपना जादू दिखाया. गेंद डिफेंडर से टकराकर दिशा बदलते हुए गोल में चली गई और मियामी को बढ़त मिल गई. इसके बाद दूसरे हाफ में मेसी पूरी तरह छा गए.
52वें मिनट में उन्होंने शानदार सोलो रन के बाद दूसरा गोल किया. इसके बाद अर्जेंटीना के कप्तान ने लुइस सुआरेज के गोल में मदद की. फिर मैच खत्म होने से सात मिनट पहले मेसी ने गोलकीपर के ऊपर से बेहद नफासत के साथ गेंद चिप करके अपनी हैट्रिक पूरी कर ली. लेकिन कहानी अभी बाकी थी.
ये भी पढ़ें: स्टार स्पोर्ट्स और जियो हॉटस्टार पर नहीं देख पाएंगे एशिया कप के मैच, जानें कहां होगी भारत के मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग
इंजरी टाइम में फिर दागा गोल
स्टॉपेज टाइम में मियामी को फ्री-किक मिली. मेसी ने खुद गेंद के पीछे खड़े होकर निशाना साधा और गेंद को बेहद सटीक तरीके से नेट के कोने में पहुंचा दिया. गेंद नेट में जाते ही स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. चार गोल के साथ मेसी ने इंटर मियामी के लिए पहली बार एक मैच में 4 गोल करने का कारनामा किया.
यह उनके करियर में आठवीं बार है, जब उन्होंने एक मैच में चार या उससे ज्यादा गोल किए हैं. इससे पहले उन्होंने फरवरी 2020 में बार्सिलोना के लिए एइबार के खिलाफ चार गोल किए थे.
MLS में मेसी के रिकॉर्ड
- इस सीजन MLS में 18 गोल कर चुके हैं.
- सिर्फ 19 मैचों में 18 गोल.
- वह MLS के इस सीजन के टॉप स्कोरर हैं.
- 72 नियमित सीजन मैचों में 20 बार एक मैच में एक से ज्यादा गोल करके सबसे तेज खिलाड़ी बने.
- इंटर मियामी की यह MLS में 25 जुलाई के बाद पहली जीत थी.
जीत के बाद मियामी की लीग रैंकिंग
इस जीत के बाद इंटर मियामी ईस्टर्न कॉन्फ्रेंस स्टैडिंग में दूसरे स्थान पर है और शीर्ष पर मौजूद नैशविले SC से 10 अंक पीछे है. मेसी के प्रदर्शन पर मियामी के मिडफील्डर कासेमिरो ने कहा कि टीम को ऐसे पलों का आनंद लेना चाहिए, क्योंकि मेसी इतिहास रच रहे हैं. यह जीत इंटर मियामी के लिए सीजन में एक बड़ा मोड़ साबित हो सकती है.
ये भी पढ़ें: IPL Governing Council Election: दो पदों के लिए चुनाव का ऐलान, 18 सितंबर को BCCI AGM में चुने जाएंगे सदस्य
