फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल का खुमार पूरे भारत में देखने को मिल रहा है. फाइनल का मुकाबला अर्जेंटीना और स्पेन के बीच रविवार रात 12:30 बजे खेला जाएगा. इस मुकाबले के लिए केरल सरकार ने सोमवार 20 जुलाई को राज्य के सभी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है. अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है.
सामान्य शिक्षा विभाग के अनुसार, यह छुट्टी विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों पर लागू होगा. यह फैसला उन छात्रों की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जो देर रात होने वाला विश्व कप फाइनल देखना चाहते हैं. सामान्य शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन ने सोशल मीडिया पर अवकाश की घोषणा करते हुए लिखा, “बच्चों, अब खुश हो?” उन्होंने कहा कि फुटबॉल प्रेमी छात्रों के अनुरोध पर विभाग ने सोमवार को छुट्टी देने का निर्णय लिया है, क्योंकि फाइनल मुकाबला आधी रात के बाद खेला जाएगा.
इससे पहले माकपा नेता और राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने सरकार से सोमवार को अवकाश घोषित करने की अपील की थी. उनका कहना था कि देर रात तक चलने वाले फाइनल के कारण छात्रों के लिए सोमवार सुबह समय पर स्कूल पहुंचना मुश्किल हो सकता है. उन्होंने सुझाव दिया था कि पढ़ाई के नुकसान की भरपाई किसी शनिवार को अतिरिक्त कक्षाएं आयोजित कर की जा सकती है.
केरल में फुटबॉल के प्रति लोगों का जुनून चरम पर
केरल में फुटबॉल के प्रति लोगों का जुनून किसी से छिपा नहीं है. विश्व कप के दौरान राज्यभर में प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है. कई यूडीएफ नेताओं ने भी छात्रों के हित में सोमवार को अवकाश घोषित करने की मांग की थी.
गौरतलब है कि सामान्य शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन, उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन और खेल मंत्री ओ. जे. जनीश भी फुटबॉल के बड़े प्रशंसक माने जाते हैं और पूरे टूर्नामेंट के दौरान अपनी पसंदीदा टीमों के समर्थन में सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे हैं.
ये भी पढ़ें: फुटबॉल का फीवर: फीफा फाइनल के कारण मणिपुर में सोमवार को स्कूल-कॉलेज बंद
