Jasprit Bumrah Fitness: भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस की स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है. आगामी अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज और एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम में शामिल किए जाने के बावजूद बुमराह की उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर है.
इसी बीच रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के चयनकर्ताओं ने बुमराह के संभावित बैकअप के तौर पर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को शॉर्टलिस्ट किया है.
बुमराह की फिटनेस पर अभी भी सवाल
बुमराह लंबे समय से घुटने की चोट से जूझ रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, 16 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान उनके घुटने में परेशानी दोबारा बढ़ गई थी. उस मुकाबले के बाद से बुमराह ने गेंदबाजी नहीं की है और फिलहाल उनकी रिकवरी पर काम चल रहा है.
बुमराह को अफगानिस्तान टी20 सीरीज और एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है, लेकिन उनकी अंतिम उपलब्धता BCCI की मेडिकल टीम से फिटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद ही तय होगी.
प्रिंस यादव को रखा गया बैकअप में
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI चयनकर्ताओं ने प्रिंस यादव को बुमराह के ‘प्रोबेबल बैकअप’ के तौर पर शॉर्टलिस्ट किया है. ऐसे में अगर बुमराह समय पर फिट नहीं होते हैं, तो प्रिंस यादव को मौका मिलने की संभावना बन सकती है. प्रिंस यादव आईपीएल में LSG का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अपनी तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. हालांकि, अभी उन्हें बुमराह के आधिकारिक रिप्लेसमेंट के तौर पर घोषित नहीं किया गया है.
ये भी पढ़ें: IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, बुमराह की वापसी; वैभव सूर्यवंशी भी शामिल
फिटनेस टेस्ट से होगा बुमराह का फैसला
रिपोर्ट के अनुसार बुमराह के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा भी फिटनेस और मैच सिमुलेशन टेस्ट से गुजरेंगे. करीब एक सप्ताह तक चलने वाली इस प्रक्रिया के बाद ही खिलाड़ियों को टीम के साथ जुड़ने की मंजूरी मिलने की उम्मीद है. रिपोर्ट में कहा गया है कि फिटनेस टेस्ट में सफल रहने वाले खिलाड़ियों को 10 सितंबर को दिल्ली में टीम के साथ जुड़ने के लिए क्लीयर किया जा सकता है.
बुमराह की चोट ने फिर बढ़ाई चिंता
बुमराह की फिटनेस भारतीय टीम के लिए लगातार चर्चा का विषय रही है. पिछले कुछ समय से टीम मैनेजमेंट और BCCI उनके वर्कलोड को लेकर काफी सतर्क रहे हैं. इसके बावजूद उनकी चोट से जुड़ी परेशानियां पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं.
पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुबरमण्यम बद्रीनाथ ने हाल में बुमराह के मैनेजमेंट को लेकर टीम प्रबंधन पर सवाल उठाए थे. अपने यूट्यूब चैनल पर उन्होंने कप्तान, कोच और चयनकर्ताओं को बुमराह के इस्तेमाल को लेकर जिम्मेदार ठहराया. बद्रीनाथ ने कहा था कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) खिलाड़ियों की स्थिति को लेकर जानकारी देता है, लेकिन चयन का फैसला कप्तान, कोच और चयनकर्ताओं का होता है.
ये भी पढ़ें: अफगानिस्तान सीरीज से हो सकती है हार्दिक पंड्या की वापसी, जसप्रीत बुमराह पर सस्पेंस बरकरार
