Ishan Kishan Double Century: दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक जड़ दिया है. साउथ जोन के खिलाफ फाइनल के दूसरे दिन सोमवार को ईशान ने चौका लगाकर अपना डबल सेंचुरी पूरा किया. इसके साथ ही उन्होंने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले चुनिंदा भारतीय बल्लेबाजों की खास लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया.
ईशान ने अपनी पारी में 279 गेंदों का सामना किया और 27 चौके व 3 छक्कों की मदद से 217 रन* बनाए. उनकी इस शानदार पारी की बदौलत ईस्ट जोन ने फाइनल में साउथ जोन पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है.
चौका लगाकर पूरा किया दोहरा शतक
ईशान किशन ने अपनी डबल सेंचुरी चौके के साथ पूरी की. बाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने शुरुआत से ही साउथ जोन के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और लगातार रन बटोरे. उनकी पारी में आक्रामकता के साथ-साथ शानदार नियंत्रण भी देखने को मिला. 26 चौके और 2 छक्के उनकी पारी की खासियत रहे.
दलीप ट्रॉफी फाइनल में डबल सेंचुरी लगाने वाले 8वें भारतीय
ईशान किशन अब दलीप ट्रॉफी के फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के आठवें बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह कारनामा रमन लांबा, यशस्वी जायसवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजीत वाडेकर, अंशुमन गायकवाड़, यूसुफ पठान और मंसूर अली खान पटौदी कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें: Duleep Trophy Final Day 2 Live: ईशान किशन का दोहरा शतक, ईस्ट जोन की टीम 550 के पार
दलीप ट्रॉफी फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज
| बल्लेबाज | स्कोर |
| रमन लांबा | 320 रन |
| यशस्वी जायसवाल | 265 रन |
| चेतेश्वर पुजारा | 256 रन |
| अजीत वाडेकर | 229 रन |
| अंशुमन गायकवाड़ | 216 रन |
| यूसुफ पठान | 210* रन |
| ईशान किशन | 217* रन |
| मंसूर अली खान पटौदी | 200 रन |
पुजारा और वाडेकर जैसे दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हुए ईशान
ईशान किशन के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि दलीप ट्रॉफी फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की इस लिस्ट में भारतीय क्रिकेट के कई बड़े नाम शामिल हैं. चेतेश्वर पुजारा ने 256 रन और अजीत वाडेकर ने 229 रन की पारी खेली थी. वहीं यशस्वी जायसवाल ने 265 रन बनाए थे. अब ईशान किशन भी इस खास क्लब का हिस्सा बन गए हैं.
फाइनल में ईस्ट जोन की पकड़ मजबूत
ईशान किशन की इस पारी से ईस्ट जोन ने चेन्नई के एम. चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे फाइनल में साउथ जोन के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. 124 ओवर के बाद ईस्ट जोन ने 5 विकेट के नुकसान पर 571 रन बनाए. ईशान किशन 217 रन बनाकर खेल रहे हैं. वहीं ईस्ट जोन के लिए कुमार कुशाग्र ने 101 रन की पारी खेली. अभिमन्यु ईश्वरन ने 72, शिखर मोहन ने 85, वैभव सूर्यवंशी 44 रन बनाए.
अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि ईशान किशन अपनी इस पारी को कहां तक ले जाते हैं और क्या ईस्ट जोन दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर पाता है.
ये भी पढ़ें: Duleep Trophy: वैभव सूर्यवंशी से भिड़े तिलक वर्मा, अब बल्ले से जवाब देने की बारी
