Ishan Kishan on Mohammed Shami: दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल से पहले ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने मोहम्मद शमी को लेकर ऐसी बात कह दी, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किशन ने शमी की जमकर तारीफ की, लेकिन जब उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज को ‘ऑलराउंडर’ बताया तो खुद भी हंस पड़े. उनका यह मजेदार अंदाज अब चर्चा में है.
शमी की तारीफ करते हुए किशन ने कही मजेदार बात
दलीप ट्रॉफी का फाइनल 6 सितंबर को ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईशान किशन से मोहम्मद शमी को लेकर सवाल पूछा गया.
किशन ने कहा कि शमी भारतीय क्रिकेट के दिग्गज हैं और उन्होंने टीम इंडिया के लिए शानदार प्रदर्शन किया है. पिछले मुकाबले में उनके प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि शमी के लिए कप्तान से और ओवर मांगना उनके ऊपर भरोसा दिखाता है.
किशन ने आगे कहा कि शमी ने पिछले मैच में दो चौके भी लगाए थे. इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मुझे लगता है कि अब वह एक ऑलराउंडर हैं.”
ये भी पढ़ें: मोहम्मद शमी का खास 'शतक', दलीप ट्रॉफी फाइनल से पहले CAB करेगा सम्मानित
‘वापसी के लिए बेकरार हैं शमी’
ईशान किशन ने शमी की फिटनेस और भारतीय टीम में वापसी की इच्छा को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि 2023 के वर्ल्ड कप को करीब तीन साल हो चुके हैं, लेकिन शमी के अंदर आज भी वही भूख और प्रेरणा दिखाई देती है. शमी भारतीय टीम में वापसी के लिए काफी उत्सुक हैं. उन्होंने यह भी बताया कि जब वह कप्तानी करते हैं तो शमी उन्हें कई विकल्प देते हैं.
शमी फिलहाल भारतीय टीम से बाहर हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में लगातार अपना प्रभाव छोड़ रहे हैं. दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए उनका प्रदर्शन भी टीम के लिए काफी अहम रहने वाला है.
वैभव सूर्यवंशी की भी किशन ने की तारीफ
ईशान किशन से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी सवाल किया गया. किशन ने उनकी समझदारी और खेल को लेकर परिपक्वता की तारीफ की. उन्होंने कहा कि वैभव काफी होशियार है और उसे पता है कि वह क्या कर रहा है. पिछले मुकाबले में भी उसने अहम भूमिका निभाई थी. किशन ने कहा कि अगर वैभव को किसी चीज की जरूरत होती है तो टीम के खिलाड़ी उसकी मदद के लिए मौजूद हैं.
चेन्नई की पिच पर क्या बोले किशन?
फाइनल से पहले चेन्नई की पिच को लेकर भी ईशान किशन ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि यहां की विकेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) जैसी नहीं होगी और परिस्थितियां कुछ अलग हो सकती हैं. उनके मुताबिक, मैच के चौथे या पांचवें दिन पिच से टर्न मिलने की संभावना हो सकती है. ऐसे में मुकाबला आगे बढ़ने के साथ स्पिन गेंदबाजों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है.
ये भी पढ़ें: Duleep Trophy 2026 Final: ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच होगा फाइनल, वैभव सूर्यवंशी पर फिर रहेंगी नजरें
