IPL Governing Council Election: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के IPL गवर्निंग काउंसिल में दो सदस्यों के पद के लिए चुनाव की तारीख तय हो गई है. BCCI के चुनाव अधिकारी एके ज्योति ने चुनाव कराने का ऐलान किया है. दोनों पदों के लिए चुनाव 18 सितंबर को होने वाली BCCI की वार्षिक आम बैठक (AGM) में होगा. खास बात यह है कि मौजूदा दोनों चुने हुए सदस्य अरुण सिंह धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार के दोबारा चुने जाने की उम्मीद है.
18 सितंबर को होगा चुनाव
BCCI के नियमों के मुताबिक IPL गवर्निंग काउंसिल में जनरल बॉडी से चार सदस्य होते हैं, जिनमें से दो का चुनाव AGM में होता है. मौजूदा समय में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अरुण सिंह धूमल और मिजोरम के खैरुल जमाल मजूमदार ये दोनों पद संभाल रहे हैं, जिनकी अवधि केवल एक साल की होती है. इसलिए उन्हें दोबारा चुनाव लड़ना होगा. हालांकि, मौजूदा समीकरण को देखते हुए दोनों के ही निर्विरोध चुने जाने की संभावना है.
चुनाव से जुड़ी अहम तारीखें
- 31 अगस्त: राज्य संघों की ओर से AGM प्रतिनिधियों के नाम भेजने की आखिरी तारीख.
- 8 सितंबर: अंतिम मतदाता सूची जारी किया जाएगा.
- 9 और 10 सितंबर: IPL Governing Council के दो पदों के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे.
- 12 सितंबर: जांच के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी.
- 18 सितंबर: BCCI AGM में चुनाव होगा.
ये भी पढ़ें: स्टार स्पोर्ट्स और जियो हॉटस्टार पर नहीं देख पाएंगे एशिया कप के मैच, जानें कहां होगी भारत के मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग
IPL Governing Council में कितने सदस्य होते हैं?
IPL गवर्निंग काउंसिल क्रिकेट के महत्वपूर्ण फैसलों के लिए जिम्मेदार एक समिति है, जिसमें कुल सात सदस्य शामिल होते हैं. इसमें BCCI की जनरल बॉडी से चार प्रतिनिधि शामिल होते हैं. मौजूदा समय में इनमें अरुण सिंह धूमल, खैरुल जमाल मजूमदार, BCCI सचिव देवजीत सैकिया और कोषाध्यक्ष रघुराम भट शामिल हैं.
इसके अलावा समिति में BCCI के CEO, इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन (ICA) के एक प्रतिनिधि और CAG के एक नामित सदस्य भी होते हैं.
IPL Governing Council की संरचना
- जनरल बॉडी के 4 प्रतिनिधि
- BCCI CEO
- ICA का 1 प्रतिनिधि
- CAG का 1 नामित सदस्य
क्या BCCI में किसी और पद के लिए भी चुनाव होगा?
चुनाव अधिकारी की ओर से जारी नोटिस फिलहाल सिर्फ IPL गवर्निंग काउंसिल के दो सदस्यों के चुनाव से जुड़ा है. ऐसे में BCCI में किसी अन्य पद के लिए अचानक चुनाव होने की संभावना कम हो गई है. मौजूदा पदाधिकारियों के अपने पदों पर बने रहने की उम्मीद पहले से ही थी. इसलिए 18 सितंबर की AGM में कोई बड़ा उलटफेर होने की संभावना नजर नहीं आ रही है.
राज्य संघों के प्रतिनिधि भी करेंगे AGM में हिस्सा
BCCI ने पूर्ण सदस्य राज्य संघों से AGM में अपने प्रतिनिधि भेजने के लिए आवेदन मांगे हैं. AGM में हिस्सा लेने वाले राज्य संघों के प्रतिनिधि ही मतदाता सूची का हिस्सा होंगे. राज्य संघों के प्रतिनिधियों को नामित करने की प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू हो चुकी है. इसके लिए 31 अगस्त तक आवेदन जमा किए जा सकते हैं. इसके बाद प्राप्त आपत्तियों की जांच की जाएगी और उन पर फैसला होने के बाद 8 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: श्रीलंका से लौटते ही फिटनेस टेस्ट में जुटे भारतीय खिलाड़ी, बुमराह-हार्दिक की फिटनेस पर आया नया अपडेट
