Imran Khan Health News: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत और जेल में उनकी स्थिति को लेकर दुनिया के पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने चिंता जताई है. कपिल देव, सुनील गावस्कर, एलन बॉर्डर, माइकल एथर्टन और सर क्लाइव लॉयड समेत 21 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार और उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की है.
यह पत्र ऐसे समय में सामने आया है, जब इमरान खान की सेहत को लेकर उनके परिवार और समर्थकों की चिंता लगातार बढ़ रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराए जाने का आदेश दिया था. हालांकि, कुछ समय बाद उन्हें दोबारा जेल भेज दिया गया. इसके बाद उनके परिवार और कानूनी टीम ने अदालत के आदेश के पालन को लेकर सवाल उठाए हैं.
Imran Khan Health News: 6 महीने बाद फिर उठी इमरान के लिए आवाज
करीब छह महीने पहले दुनिया के 14 पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखकर इमरान खान को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की थी. अब 23 अगस्त 2026 को लिखे गए नए पत्र में 7 और पूर्व कप्तान शामिल हो गए हैं. इस तरह इमरान के समर्थन में आवाज उठाने वाले पूर्व कप्तानों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है.
पूर्व कप्तानों ने अपने पत्र में कहा कि उन्होंने पहले भी इमरान खान के लिए आवाज उठाई थी. उन्होंने यह अपील किसी राजनीतिक पक्ष के तौर पर नहीं, बल्कि एक पूर्व साथी और क्रिकेट प्रतिद्वंद्वी के तौर पर की थी. उनका कहना है कि क्रिकेट के रिश्ते देश, सीमा और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर होते हैं.
Imran Khan Health News: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद फिर जेल भेजे गए इमरान
इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर मामला पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था. अदालत ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने का निर्देश दिया था. साथ ही एक मेडिकल कमेटी के जरिए उनकी स्वास्थ्य जांच कराने की बात कही गई थी, जिसमें उनके निजी डॉक्टर और उनकी बहन डॉ. उजमा खान को भी शामिल किए जाने की बात सामने आई थी.
अदालत ने इमरान खान के परिवार के सदस्यों को उनसे साप्ताहिक मुलाकात की अनुमति भी दी थी. हालांकि, उन्हें कुछ समय बाद अस्पताल से वापस जेल भेज दिया गया. इसके बाद उनके परिवार और कानूनी टीम ने आरोप लगाया कि यह कदम अदालत के निर्देशों के खिलाफ है.
ये भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल के 'हेडबट' पर मचा बवाल, ICC के एक्शन से पहले भारत ने किया बचाव
Imran Khan Health News: कपिल देव और गावस्कर समेत कौन-कौन हैं शामिल?
इमरान खान के समर्थन में पत्र लिखने वाले 21 पूर्व कप्तानों की सूची में क्रिकेट की दुनिया के कई बड़े नाम शामिल हैं. इनमें भारत के कपिल देव, सुनील गावस्कर और दिलीप वेंगसरकर के अलावा इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका के कई पूर्व कप्तान शामिल हैं.
पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में माइकल एथर्टन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, सर एलिस्टेयर कुक, एडम गिलक्रिस्ट, डेविड गोवर, किम ह्यूजेस, नासिर हुसैन, सर क्लाइव लॉयड, अर्जुन रणतुंगा, सर एंड्रयू स्ट्रॉस, स्टीफन वॉ और जॉन राइट जैसे दिग्गजों के नाम शामिल हैं. इन पूर्व क्रिकेटरों ने पाकिस्तान सरकार से इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार करने और उन्हें आवश्यक चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराने की अपील की है.
Imran Khan Health News: 1992 में पाकिस्तान ने जीता था वर्ल्ड कप
इमरान खान का क्रिकेट करियर पाकिस्तान के इतिहास में बेहद खास रहा है. उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 1992 का वनडे विश्व कप जीता था. दुनिया के कई पूर्व क्रिकेटरों के साथ उनका मैदान पर मुकाबला भी रहा और व्यक्तिगत संबंध भी बने.
ये भी पढ़ें: असिथा फर्नांडो से भिड़ना यशस्वी जायसवाल को पड़ेगा भारी? ICC लगा सकती है लाइफटाइम बैन, जानें क्या है नियम
