Hardik Pandya Mumbai Indians trade news: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर और मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पांड्या के फ्रेंचाइजी छोड़ने की खबरों पर फिलहाल विराम लग गया है. मुंबई इंडियंस ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि फ्रेंचाइजी हार्दिक पांड्या को किसी दूसरी टीम में ट्रेड करने को लेकर बातचीत कर रही है. स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस के एक प्रवक्ता ने साफ तौर पर कहा है कि टीम ने अभी तक किसी भी खिलाड़ी ट्रेड को लेकर किसी फ्रेंचाइजी से बातचीत शुरू नहीं की है. हालांकि, फ्रेंचाइजी ने यह भी संकेत दिया है कि पोस्ट सीजन रिव्यू के बाद टीम के भविष्य को लेकर कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं.
रिव्यू पूरा होने के बाद ही लिए जाएंगे फैसले
मुंबई इंडियंस के प्रवक्ता ने स्पोर्टस्टार से बातचीत में कहा,
“हमारी पोस्ट सीजन समीक्षा अभी जारी है. टीम के हर पहलू पर विचार किया जा रहा है. रिपोर्ट्स के विपरीत, हम खिलाड़ियों के ट्रेड को लेकर किसी भी तरह की बातचीत में शामिल नहीं हैं. ट्रेड की प्रक्रिया समीक्षा पूरी होने के बाद ही संभव होगी.” उन्होंने आगे कहा कि टीम मैनेजमेंट कई विकल्पों और योजनाओं पर विचार कर रहा है और किसी भी फैसले में जल्दबाजी नहीं की जाएगी.
पहले आई थीं हार्दिक के CSK जाने की खबरें
इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हार्दिक पांड्या को लेकर बातचीत चल रही है. खबरों के मुताबिक, CSK हार्दिक को अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखा रही है. रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि मुंबई इंडियंस बदले में चेन्नई से युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे और ऑलराउंडर शिवम दुबे को चाहती है. हालांकि, चेन्नई कथित तौर पर आयुष म्हात्रे को डील का हिस्सा बनाने के लिए तैयार नहीं थी. CSK की ओर से शिवम दुबे, दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस और करीब 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि का प्रस्ताव चर्चा में होने की बात कही गई थी. इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमें भी हार्दिक में रुचि दिखाने की खबरों में थीं.
कप्तानी संभालते ही विवादों में घिरे हार्दिक
हार्दिक पांड्या ने 2024 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाली थी. उन्हें रोहित शर्मा की जगह टीम का कप्तान बनाया गया था, जिसके बाद काफी विवाद भी हुआ था. कप्तान के रूप में हार्दिक का पहला सीजन बेहद खराब रहा और मुंबई इंडियंस 10 टीमों की अंक तालिका में सबसे नीचे रही. हालांकि अगले सीजन टीम ने प्लेऑफ तक जगह बनाई, लेकिन खिताब की दौड़ में आगे नहीं बढ़ सकी. हालिया सीजन में भी मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। टीम ने शुरुआत में जीत के साथ अभियान शुरू किया, लेकिन बाद में लगातार संघर्ष करती रही. आखिरकार MI ने 14 मैचों में सिर्फ चार जीत हासिल की और 10 मुकाबले गंवाए। टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही.
टीम में अंदरूनी मतभेद की खबरों ने बढ़ाई मुश्किलें
पूरे सीजन के दौरान हार्दिक पांड्या की कप्तानी और टीम के माहौल को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आईं. ऐसी खबरें भी आईं कि टीम के कुछ वरिष्ठ खिलाड़ी कप्तान के फैसलों से पूरी तरह सहमत नहीं थे. इसके अलावा चोटों ने भी मुंबई इंडियंस की मुश्किलें बढ़ाईं. खराब प्रदर्शन और लगातार उठ रहे सवालों के बाद ऐसी अटकलें तेज हो गई थीं कि हार्दिक पांड्या शायद मुंबई इंडियंस के लिए अपना आखिरी मुकाबला खेल चुके हैं.
इसे भी पढ़े- दिलीप ट्रॉफी के लिए सेंट्रल जोन टीम का ऐलान, रजत पाटीदार को मिली कमान
