IPL 2026: इस सीजन में पहली बार आज सनराइजर्स हैदराबाद का सामना गुजरात टाइटंस से होगा. वैसे, इन दोनों टीमों ने 11-11 मुकाबले खेले हैं और दोनों के 14-14 अंक हैं. हालांकि, हैदराबाद बेहतर रन रेट के चलते अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, जबकि गुजरात तीसरे स्थान पर मौजूद है. वहीं, आज के मैच में जो टीम जीतेगी, वह अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगी.
किसका पलड़ा भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें गुजरात टाइटंस ने 5, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद ने 1 मैच जीता है. वहीं, पिछले सीजन के दोनों मुकाबलों में गुजरात ने जीत दर्ज की थी. हालांकि, इस सीजन में दोनों टीमों का पहली बार आमना-सामना होगा.
गुजरात के ओपनर्स सबसे बड़ी ताकत
शुभमन गिल की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस ने धीमी शुरुआत के बाद टूर्नामेंट में शानदार लय पकड़ ली है. बल्लेबाजी में गिल और साई सुदर्शन टीम की सबसे बड़ी ताकत रहे हैं. इसके अलावा, जोस बटलर और वॉशिंगटन सुंदर पर मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी होगी. वहीं, कप्तान गिल टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 10 मैचों में 160.41 के स्ट्राइक रेट से 462 रन बनाए हैं. तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा से एक बार फिर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
कमिंस की वापसी से हैदराबाद हुई मजबूत
पैट कमिंस के आने से सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी अब और मजबूत नजर आ रही है।. उनके आने के बाद टीम में नया जोश देखने को मिला है और गेंदबाजी यूनिट भी ज्यादा आक्रामक दिखाई दे रही है. वहीं, श्रीलंका के युवा तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा टीम के लिए वरदान साबित हुए हैं. ईशान 16 विकेट के साथ टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं.
अहमदाबाद की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है. यहां दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना और भी आसान हो जाता है, इसलिए कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद करते हैं. यहां आईपीएल के 50 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें 24 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 25 मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है.
मौसम कैसा रहने वाला है
अहमदाबाद में गर्मी काफी ज्यादा रहने वाली है. यहां बारिश की संभावना बेहद कम है. वहीं, हवा में 60-61 प्रतिशत नमी रहने की उम्मीद है, जिसके चलते दूसरी पारी में ओस खिलाड़ियों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है.
दोनों टीमों की संभावित 12 खिलाड़ी
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथर और राहुल तेवतिया।
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलील अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा और हर्ष दुबे।
