Himmat Singh DPL 2026: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 का एक मुकाबला क्रिकेट इतिहास के रोमांचक मैचों में शामिल हो गया. अरुण जेटली स्टेडियम में न्यू दिल्ली टाइगर्स और आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बीच खेले गए मुकाबले में बारिश ने जरूर खेल का रंग बदला, लेकिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने रोमांच को चरम पर पहुंचा दिया. 15-15 ओवर के इस मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ, जहां आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने आखिरी बाजी मारते हुए जीत अपने नाम कर ली.
आखिरी ओवर में थम गईं सांसें
आउटर दिल्ली वॉरियर्स को जीत के लिए पारी की आखिरी दो गेंदों पर सिर्फ एक रन की जरूरत थी. टीम के हाथ में तीन विकेट बाकी थे और जीत आसान नजर आ रही थी. लेकिन 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सिद्धार्थ शर्मा रन आउट हो गए और मुकाबला अचानक रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया. इसके बाद प्रथम सलुजा बल्लेबाजी करने आए. न्यू दिल्ली टाइगर्स के गेंदबाज लक्ष्मण की गेंद पर प्रथम ने लॉन्ग ऑफ की दिशा में शॉट खेला. वहां तैनात हिम्मत सिंह ने तेजी से गेंद को पकड़ने की कोशिश की और रन आउट करने के लिए थ्रो किया, लेकिन गेंद उनके हाथ से छूट गई. इसके बाद हिम्मत सिंह ने गुस्से में गेंद को पैर मार दिया. गेंद सीधे स्टंप से जा लगी. उस समय तक बल्लेबाज क्रीज में नहीं पहुंच पाए थे. अंपायर ने इसे रन आउट करार दिया और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया. इस फैसले ने मैदान पर मौजूद दर्शकों और खिलाड़ियों के बीच रोमांच के साथ-साथ चर्चा भी बढ़ा दी.
सुपर ओवर में मोनू शुक्ला का तूफान
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स की ओर से यजस शर्मा और प्रियांश आर्य ने पारी की शुरुआत की. न्यू दिल्ली के ऋषभ शुक्ला ने पहली ही गेंद पर यजस शर्मा को आउट कर दिया. इसके बाद मोनू शुक्ला ने आते ही आक्रामक अंदाज दिखाया. उन्होंने अगली पांच गेंदों में तीन छक्के लगाते हुए 20 रन ठोक दिए. उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी ने आउटर दिल्ली को सुपर ओवर में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की उम्मीदें हिम्मत सिंह और मनीष सेहरावत पर थीं. शिवम शर्मा की पहली गेंद पर हिम्मत सिंह ने शानदार छक्का लगाया, लेकिन अगली गेंद पर वह आउट हो गए. इसके बाद ऋतिक शोकीन भी अगली गेंद पर पवेलियन लौट गए और आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने मुकाबला अपने नाम कर लिया.
न्यू दिल्ली टाइगर्स ने खड़ा किया था मजबूत स्कोर
इससे पहले न्यू दिल्ली टाइगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 5 विकेट खोकर 156 रन बनाए. टीम के सलामी बल्लेबाज लक्ष्य थरेजा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 62 रन बनाए. मध्यक्रम में हिम्मत सिंह ने अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाया. उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 61 रन की तूफानी पारी खेली. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत न्यू दिल्ली टाइगर्स ने बड़ा स्कोर खड़ा किया.
लक्ष्य का पीछा करते हुए आउटर दिल्ली ने दिखाई दमदार बल्लेबाजी
बारिश के कारण डीएलएस नियम लागू हुआ और आउटर दिल्ली वॉरियर्स को 15 ओवर में 156 रन का लक्ष्य मिला. टीम के सलामी बल्लेबाज यजस शर्मा ने 25 गेंदों में 52 रन बनाकर जीत की नींव रखी. इसके बाद मोनू शुक्ला ने 17 गेंदों में 45 रन की तेज पारी खेलकर मुकाबले को बराबरी की स्थिति में पहुंचा दिया. आखिरी ओवर में हुए रोमांचक घटनाक्रम और सुपर ओवर के बाद आखिरकार आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने जीत की मुहर लगा दी.
इसे भी पढ़े- LPL की सबसे सफल टीम जाफना किंग्स का बदला नाम, जहीर खान बने सह-मालिक
