भारतीय क्रिकेट में एक से बढ़कर एक धुरंधर खिलाड़ी हुए. जिसमें एक नाम ऐसा है, जिसने भारत को 1983 में वर्ल्ड कप जीताने में बड़ी भूमिका निभायी. हालांकि उस खिलाड़ी की चर्चा 83 वर्ल्ड कप के स्टार खिलाड़ियों में कम ही होती है. यहां बात हो रही है, दिग्गज गेंदबाज रोजर बिन्नी की. रोजर बिन्नी (Roger Binny) ने 83 वर्ल्ड कप में 18 विकेट चटकाये थे और भारत को पहली बार ट्रॉफी दिलाने में बड़ी भूमिका अदा की. रोजर बिन्नी को आज उनके फैन्स याद कर रहे हैं, इसके पीछे कारण है कि आज उनका जन्मदिन है. बिन्नी आज 67 साल के हो गये हैं. उन्हें सुबह से ही जन्मदिन की बधाई मिल रही है. दिग्गज खिलाड़ी का जन्म 19 जुलाई 1955 को बेंगलुरु में हुआ था.
बीसीसीआई ने स्टार खिलाड़ी को ऐसे किया याद
रोजर बिन्नी को जन्मदिन की बधाई देते हुए बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक कोलाज फोटो शेयर किया. जिसमें रोजर बिन्नी गेंदबाजी करते हुए कई एक्शन में दिख रहे हैं. फोटो के साथ बीसीसीआई ने कैप्शन भी लिखा, टीम इंडिया के पूर्व ऑलरांडर और भारत के 1983 विश्व कप अभियान में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रोजर बिन्नी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. बीसीसीआई के ट्वीट पर कई लोगों ने रोजन बिन्नी को जन्मदिन की बधाई दी और उन्हें लिजेंड बताया.
रोजर बिन्नी भारत के पहले एंग्लो इंडियन खिलाड़ी, वर्ल्ड कप 1983 में चटकाये सबसे अधिक विकेट
रोजर बिन्नी टीम इंडिया के पहले एंग्लो इंडियन खिलाड़ी रहे हैं. उन्होंने 1983 वर्ल्ड कप में सबसे अधिक विकेट चटकाया था. रोजर बिन्नी ने 8 मैचों में 336 रन देकर सबसे अधिक 18 विकेट चटकाये थे. जिसमें उन्होंने एक बार 4 विकेट भी चटकाया था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में रोजर बिन्नी ने 8 ओवर में 29 रन देकर चार विकेट चटकाया था. बिन्नी के अलावा मदन लाल ने भी 4 विकेट लिये थे. दोनों की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 118 रन से रौंदा था.
रोजर बिन्नी ने टीम इंडिया को दिये दो स्टार खिलाड़ी, बेटे को भी बनाया तेज गेंदबाज
रोजर बिन्नी क्रिकेट से संन्यास के बाद कोचिंग को भी अपना करियर बनाया था. उन्होंने अपनी कोचिंग में भारत को दो स्टार खिलाड़ी भी दिये. 2000 में युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ की मौजूदगी में जब टीम इंडिया ने अंडर 19 वर्ल्ड कप जीता था, तो उस टीम के कोच रोजर बिन्नी ही थे. उस टूर्नामेंट से बाहर निकलने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने वर्ल्ड क्रिकेट में अपना नाम स्थापित कर लिया. यही नहीं रोजर बिन्नी ने अपने बेटे स्टुअर्ट बिन्नी को भी तेज गेंदबाज बनाया. स्टुअर्ट बिन्नी भी टीम इंडिया के लिए कई मैच खेले.
रोजर बिन्नी का करियर
रोजर बिन्नी ने टीम इंडिया के लिए 27 टेस्ट और 72 वनडे मैच खेले. जिसमें उन्होंने टेस्ट में 5 अर्धशतक की मदद से 830 और वनडे में 1 अर्धशतक की मदद से 629 रन बनाये. इसके अलावा उन्होंने टेस्ट में 47 और वनडे में 77 विकेट भी चटकाये.
