अफगानिस्तान क्रिकेटर राशिद खान (Rashid Khan) ने आईपीएल 2022 (IPL 2022) से पहले मैदान पर जबरदस्त धमाका किया है. उन्होंने बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम को जीत भी दिलाया.
राशिद खान ने बिग बैश लीग 2021-22 (Big Bash League) में एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए 6 विकेट चटकाये. जबकि बल्ले से दो बेहतरीन छक्के भी जमाये. ब्रिस्बेन हीट के खिलाफ राशिद खान ने 4 ओवर की गेंदबाजी में 17 रन देकर 6 खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया.
दरअसल ब्रिस्बेन हीट और एडिलेड स्ट्राइकर्स के बीच खेले गये मुकाबले में राशिद खान की टीम एडिलेड स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 161 रन बनाया. जिसमें राशिद खान ने भी बल्ले से कमाल दिखाया. उन्होंने केवल 4 गेंदों का सामना किया और 13 रन बना डाले. जिसमें 12 रन दो छक्कों की मदद से बनाये.
उसके बाद राशिद खान ने गेंद से जलवा दिखाना शुरू किया और केवल 15 ओवर में ही 90 के स्कोर पर ब्रिस्बेन हीट की टीम को ऑल आउट कर दिया. राशिद खान के आगे ब्रिस्बेन हीट के एक भी बल्लेबाज टिक नहीं पाये.
गौरतलब है कि राशिद खान का जलवा आईपीएल में सिर चढ़कर बोलता है. हालांकि राशिद खान आईपीएल 15 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते नजर नहीं आयेंगे, क्योंकि हैदराबाद ने उन्हें रिटेन नहीं किया है. ऐसी खबर है कि राशिद खान नयी फ्रेंचाइजी टीम अहमदाबाद के साथ नजर आ सकते हैं. हालांकि इससे पहले खबर आयी थी कि लखनऊ की टीम राशिद के संपर्क में है.
