पाकिस्तान का ड्रामा जारी, अगर टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं आयी तो हम वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं जायेंगे

पाकिस्तान का ड्रामा समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख नजम सेठी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अगर भारत पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगा तो हम वर्ल्ड कप नहीं खेलने जायेंगे. हालांकि एशियन क्रिकेट काउंसिल ने पाकिस्तान के हाईब्रिड मॉडल को नकार दिया है.

गृह युद्ध झेल रहे पाकिस्तान का अब भी एशिया कप की मेजबानी को मोह भंग नहीं हुआ है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख नजम सेठी ने शुक्रवार को साफ तौर पर कहा कि पाकिस्तानी टीम भारत में वनडे विश्व कप खेलने तभी जायेगी जब भारतीय टीम आगामी एशिया कप और 2025 चैम्पियंस ट्रॉफी खेलने सरहद पार आयेगी. एशियन क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने हाल ही में पाकिस्तान के ‘हाइब्रिड मॉडल’ को खारिज कर दिया. सेठी का मानना है कि भारत और पाकिस्तान जब तक एक दूसरे के देश में खेलना शुरू नहीं करते, यही एक विकल्प नजर आ रहा है.

हाइब्रिड मॉडल को एसीसी ने नकारा

समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ विशेष साक्षात्कार में नजम सेठी ने कहा कि मौजूदा हालात में हमने स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तान में चार मैच हों और बाकी मैच किसी तटस्थ स्थान पर खेले जा सकते हैं. एशियाई क्रिकेट परिषद दो फैसले ले सकती है. या तो वह राजी हो और मेरे इस प्रस्ताव के अनुसार शेड्यूल बनाये या कह दे कि सारे मैच तटस्थ स्थान पर खेले जायेंगे. पहला विकल्प लेने पर सब कुछ सुलझ जायेगा. दूसरा विकल्प चुनने पर हम एशिया कप नहीं खेलेंगे. हम जय शाह और दूसरों के जवाब का इंतजार कर रहे हैं.

Also Read: Asia Cup: अगर भारत, पाकिस्तान नहीं आ सकता तो हम भी वर्ल्ड कप के लिए वहां नहीं जायेंगे, बोले नजम सेठी
एसीसी का अगला अध्यक्ष पाकिस्तान से होगा

सेठी से जब पूछा गया कि एशिया कप नहीं खेलने पर क्या पाकिस्तान एसीसी में बना रहेगा. सेठी ने कहा कि इस बारे में एसीसी को सोचना है. एसीसी का अगला अध्यक्ष पीसीबी से होगा. अब हमारी बारी है. हम एसीसी में बने रहना चाहते हैं या यूं कहें कि पाकिस्तान के बिना एसीसी हो ही नहीं सकती. एसीसी को सबसे ज्यादा राजस्व भारत और पाकिस्तान से ही मिलता है. पाकिस्तान अगर एशिया कप में नहीं खेलता है तो प्रसारक स्टार नेटवर्क को दिक्कत हो सकती है. इसलिए एशिया कप और एसीसी के लिये भारत और पाकिस्तान दोनों अहम हैं. यही वजह है कि मैने हाइब्रिड मॉडल का प्रस्ताव रखा था.

इमरान खान को लेकर जल रहा है पाकिस्तान

पाकिस्तान में राजनीतिक संकट और हिंसा के सवाल पर सेठी ने कहा कि इमरान खान का प्रदर्शन छह महीने से चल रहा है. न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम रावलपिंडी, लाहौर, कराची में खेली थी जहां प्रदर्शन चल रहे थे. यह कोई मसला नहीं है. इन टीमों को वीवीआईपी सुरक्षा दी गई थी. इस्लामाबाद में कोई दिक्कत होती भी है तो पिंडी, मुल्तान, लाहौर और कराची में खेला जा सकता है. एशिया कप सितंबर में होगा और क्या आपको लगता है कि उस समय पाकिस्तान जल रहा होगा और हम क्रिकेट नहीं खेल सकेंगे. अगर हालात ऐसे होते हैं तो मैं खुद कहूंगा कि मैच तटस्थ स्थान पर हो. हम भी नहीं चाहते कि हमारे माननीय मेहमान पाकिस्तान में आकर दंगों का सामना करें. हमें उनकी परवाह है.

वर्ल्ड कप में भी हाइब्रिड मॉडल की मांग कर सकता है पाकिस्तान

सेठी से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान वर्ल्ड कप में हाइब्रिड मॉडल की मांग करेगा तो उन्होंने कहा कि फिलहाल मसला एशिया कप है. मैं चाहता हूं कि हाइब्रिड मॉडल अपनाया जाये और कामयाब हो. भारतीय टीम अगर चैम्पियंस ट्रॉफी खेलने नहीं आती तो हमें दिक्कत होगी. पाकिस्तान अगर भारत में नहीं खेलता तो भी दिक्कत होगी. असल समस्या भारतीय टीम का पाकिस्तान आने से इनकार करना है. या तो हम एक दूसरे से बिल्कुल नहीं खेले या बीच का कोई रास्ता निकालें. भारत और पाकिस्तान सभी टूर्नामेंटों में एक दूसरे से एक दूसरे के देश में नहीं खेलें. कोई बड़ी बात नहीं. इसके बावजूद खेल हो सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >