RR vs DC: राहुल और निसांका का पचासा, DC ने RR को 7 विकेट से हराया

RR vs DC: दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार फॉर्म में चल रहे केएल राहुल (75 रन) और पाथुम निसांका (62 रन) के अर्धशतकों से मिली शानदार शुरूआत के दम पर शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में राजस्थान रॉयल्स को पांच गेंद रहते सात विकेट से शिकस्त दी.

RR vs DC: दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार फॉर्म में चल रहे केएल राहुल (75 रन) और पाथुम निसांका (62 रन) के अर्धशतकों से मिली शानदार शुरूआत के दम पर शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में राजस्थान रॉयल्स को पांच गेंद रहते सात विकेट से शिकस्त दी. दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीन हार के बाद मिली इस जीत से आठ अंक लेकर तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई जबकि राजस्थान रॉयल्स 12 अंक से चौथे स्थान पर कायम है. दिल्ली कैपिटल्स के लिए राहुल (छह चौके, पांच छक्के) और निसांका (33 गेंद, छह चौके, तीन छक्के) के बीच पहले विकेट के लिए 57 गेंद में 110 रन की भागीदारी के बाद नीतिश राणा ने 17 गेंद में 33 रन की पारी खेली. फिर ट्रिस्टन स्टब्स (11 गेंद में नाबाद 18 रन) और आशुतोष शर्मा (15 गेंद में नाबाद 25 रन) टीम को पांच गेंद रहते तीन विकेट पर 226 रन तक पहुंचाकर जीत दिलाई.

दिल्ली कैपिटल्स ने किया कमाल

दिल्ली कैपिटल्स का यह अपने आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ा सफल ‘चेज’ रहा. बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने कप्तान रियान पराग (90 रन) के अर्धशतक और अंत में डोनोवन फरेरा (14 गेंद में नाबाद 47 रन) की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत छह विकेट पर 225 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया. लेकिन राहुल और निसांका के अर्धशतक पराग की शानदार पारी पर भारी पड़े. निसांका ने पावर प्ले की अंतिम गेंद पर चौका लगाकर 23 गेंद में अपना अर्धशतक जड़ा. इस तरह टीम ने छह ओवर में बिना विकेट गंवाए 70 रन बना लिए थे

राहुल ने खेली शानदार पारी

राहुल ने नौंवे ओवर में छक्का जड़कर टीम के 100 रन पूरे कराए. राहुल ने इस ओवर में रवि बिश्नोई पर दो छक्के और एक चौका लगाकर टीम में खाते में 20 रन जोड़े. लेकिन अगले ही ओवर में रविंद्र जडेजा ने निसांका को पगबाधा आउट कर राजस्थान रॉयल्स को पहली सफलता दिलाई. राणा (तीन चौके, दो छक्के) क्रीज पर थे। राहुल ने 11वें की अंतिम गेंद पर दो रन लेकर 27 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. राणा ने तेजी से रन जुटाने की रणनीति अपनाते हुए अगले ओवर में जडेजा पर मिडविकेट और लांग ऑन पर छक्का जड़कर ओवर का अंत कवर पर चौके के साथ किया जिससे 18 रन बने.

तुषार देशपांडे ने 15वें ओवर में राणा को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच आउट कराकर दूसरा झटका दिया. हालांकि अंपायर ने जुरेल की अपील पर आउट नहीं दिया जिसके बाद रिव्यू में राणा को आउट करार दिया गया. दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए अंतिम पांच ओवर में 53 रन की दरकार थी. जोफ्रा आर्चर पर चौका लगाने के बाद राहुल की 40 गेंद की पारी खत्म हुई जब वह डीप मिडविकेट पर फरेरा को कैच थमा बैठे. फिर मैच का समापन स्टब्स और आशुतोष ने किया.

रियान पराग ने दिखाई बहादुरी

इससे पहले पराग ने आठ चौके और पांच छक्के जड़ित 50 गेंद की पारी से अपने आस पास की कई चिंताओं को दूर कर दिया क्योंकि वह इस सत्र में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे. उनकी मैदान पर ही मुश्किल काफी नहीं थीं कि उन्हें डगआउट में ‘वेपिंग’ करते हुए कैमरे में कैद कर लिया गया जिससे बीसीसीआई ने उन पर 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगा दिया. इसलिए उन्हें बहुत कुछ साबित करना था और इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने शानदार अंदाज में ऐसा करते हुए आईपीएल 2026 में अपना पहला पचासा बनाया.

ये भी पढ़ें:

Video: कोई पर्सनली मुझे कुछ बोलता है तो…वैभव सूर्यवंशी ने प्रफुल्ल हिंगे को दिया बल्ले से जवाब

‘100 रुपये लगेंगे तभी मिलेगी फोटो’, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने नन्हे फैंस के साथ किया प्रैंक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >