Mumbai Indians: आईपीएल 2026 के दौरान मुंबई इंडियंस को सीजन के आखिरी दो मैचों से पहले दोहरा झटका लगा है. प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और ऑलराउंडर राज अंगद बावा चोट ही वजह से टीम से बाहर हो गए हैं. दोनों आखिरी दो मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे.
डी कॉक बाईं कलाई में टेंडन की चोट से जूझ रहे हैं. वहीं, बावा अपनी दाईं हाथ के अंगूठे में लिगामेंट फटने के कारण बाहर हो गए हैं. बावा को चोट पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ लगी थी. दोनों खिलाड़ी मुंबई इंडियंस की मेडिकल टीम की देखरेख में अपने-अपने घर पर पुनर्वास करेंगे. एमआई जल्द ही दोनों खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर सकती है.
मुंबई इंडियंस ने बयान जारी कर दी जानकारी
मुंबई इंडियंस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, “क्विंटन डी कॉक अपनी बाईं कलाई में टेंडन की चोट के कारण बाहर हो गए हैं. यह चोट उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ घरेलू मैच से पहले लगी थी. राज अंगद बावा के दाएं अंगूठे का लिगामेंट पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच के दौरान फट गया था. इस वजह से दोनों सीजन के बाकी मैच नहीं खेल पाएंगे. क्विंटन और बावा दोनों अपने-अपने घर पर अपना रिहैब जारी रखेंगे. मुंबई इंडियंस की मेडिकल टीम उन्हें जल्द से जल्द मैदान पर वापसी करने में सहयोग और मार्गदर्शन देगी.”
डी कॉक को आईपीएल 2026 की नीलामी में एमआई ने 1 करोड़ में खरीदा था. डी कॉक सीजन में तीन मैच खेल सके. पंजाब किंग्स के खिलाफ खेली 112 रनों की पारी की बदौलत उन्होंने कुल 132 रन बनाए.
KKR से होगा अगला मुकाबला
मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला बुधवार को ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा. लीग चरण में एमआई का आखिरी मुकाबला 24 मई को वानखेड़े में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा. एमआई का सीजन बेहद निराशाजनक रहा है. बचे 2 मैचों में जीत हासिल कर टीम अंकतालिका में अपना स्थान बेहतर करने की कोशिश करेगी.
यह भी पढ़ें: चेन्नई के मैदान पर भिड़े सैमसन और क्लासेन, अंपायर को करना पड़ा बीच बचाव; वायरल हुआ VIDEO
