KKR vs LSG: केकेआर ने लखनऊ को दिया 182 रनों का टार्गेट, पॉवेल-ग्रील ने खेली ताबड़तोड़ पारी

KKR vs LSG: Kolkata Knight Riders ने पहले बल्लेबाजी करते हुए Lucknow Super Giants को जीत के लिए 182 रनों का टार्गेट दिया है. कप्तान आजिंक्य रहाणे, अंगकृष रघुवंशी, रॉवमैन पॉवेल और कैमरून ग्रीन ने बेहतरीन पारियां खेली.

KKR vs LSG: कप्तान अजिंक्य रहाणे के 24 गेंद पर 41 रनों की पारी के बाद आखिर के 4 ओवर में रॉवमैन पॉवेल और कैमरून ग्रीन की बेजोड़ पारी के दम पर केकेआर ने लखनऊ सुपर जायंट्स को जीत के लिए 182 रनों का लक्ष्य दिया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत खराब रही. फिन एलन के रूप में पहला झटका दूसरे ही ओवर में लगा. उसके बाद रहाणे और अंगकृष रघुवंशी के बीच 94 रनों की साझेदारी हुई. आखिरी में तेजी से रन बनाते हुए ग्रीन ने 24 गेंद पर 32 रन जोड़ी और पॉवेल ने 24 गेंद पर 39 रन बनाए. दोनों की पारियों के दम पर केकेआर 181 के स्कोर तक पहुंचा. लखनऊ की ओर से प्रिंस यादव, मणिमारन सिद्धार्थ, दिग्वेश राठी और आवेश खान ने एक-एक विकेट चटकाए.

केकेआर को पहली जीत का इंतजार

केकेआर ने तीन मैच खेल लिए हैं और अब भी उसे पहली जीत का इंतजार है. बारिश की वजह से पिछला मैच रद्द हो गया था. केकेआर और पंजाब किंग्स के बीच एक-एक अंक बांट दिए गए थे. केकेआर के खाते में तीन मैच के बाद वही एक अंक है. जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स ने दो में से एक मैच जीता और एक हारा है. ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ पंजाब के खिलाफ अपना पहला मुकाबला हार गई थी. बाद में उसने सनराइजर्स हैदराबाद को हाराकर दो अंक हासिल किए. आज के मुकाबले में दोनों ही टीमें जीत दर्ज करने के लिए बेताब होंगी.

सुनील नरेन की टीम में हुई वापसी

केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘हम भी गेंदबाजी करना चाहते थे.’ पिछले मैच में बल्लेबाजी करने के अपने फैसले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, वह मैच पूरा नहीं हो पाया, इसलिए आप कभी कुछ कह नहीं सकते. सुनील टीम में आए हैं, वरुण अभी भी अपने हाथ की चोट से उबर रहे हैं. जब कैमरून ग्रीन गेंदबाजी करते हैं, तो हमारे पास एक अतिरिक्त गेंदबाज होता है.

पंत को अपने बॉलरों पर भरोसा

टॉस जीतने के बाद एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, ‘हम पहले गेंदबाजी करेंगे. हम विपक्षी टीम को बल्लेबाजी के लिए बुलाना चाहते हैं. हमें अपने गेंदबाजों पर भरोसा है कि वे अपना काम बखूबी करेंगे. यकीनन, जीत से टीम का माहौल और भी बेहतर हो जाता है. हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं. हमें लगता है कि हमारा टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी के लिहाज से काफी मज़बूत है, और हमें अपने टॉप ऑर्डर पर पूरा भरोसा है कि वे हमें जीत तक पहुंचाएंगे.

दोनों टीमों की प्लेइंग XI

कोलकाता नाइट राइडर्स : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रोवमैन पॉवेल, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, नवदीप सैनी, कार्तिक त्यागी.
लखनऊ सुपर जाइंट्स : मिशेल मार्श, एडेन मार्कराम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, अवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव.

ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट

ईडन गार्डन्स एक हाई स्कोरिंग मैदान रहा है. इसका एक कारण, यहां की तेज आउटफील्ड है. दूसरा कारण है मैदान का छोटा आकार. ऑफ और लेग साइड में बाउंड्री 65 मीटर ओर 64 मीटर है, जबकि साधी बाउंड्री 74 मीटर है. जिस पिच का इस्तेमाल पिछली रात हुआ था, वहीं मैच खेला जाएगा. यहां गेंद में स्विंग देखने को मिली थी, लेकिन पिच थोड़ी सूखी हुई लग रही है. यह मैदान आमतौर पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों के लिए ज्यादा फायदेमंद रहा है. पिछले छह मैचों में से, चार बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीत हासिल की है.

ये भी पढ़ें…

GT vs DC: डेविड मिलर का एक गलत फैसला और 1 रन से हारी दिल्ली, अब ड्रेसिंग रूम का VIDEO वायरल

‘जोक ऑफ द सेंचुरी’, बाबर आजम ने उड़ाया सफेद कबूतर; सोशल मीडिया पर हुए जमकर ट्रोल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >