IPL Points Table 2023: KKR को हराकर SRH ने लगाई लंबी छलांग, प्वाइंट्स टेबल में हुआ बड़ा फेरबदल

KKR vs SRH: आईपीएल 2023 में गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर सीजन की दूसरी जीत दर्ज की. इस मैच के बाद प्वॉइंट्स टेबल में बड़ा फेरबदल हुआ है. हालांकि, राजस्थान रॉयल्स पहले नंबर पर बनी हुई हैं.

IPL 2023 Points Table : आईपीएल 2023 के 19वें मुकाबले में गुरुवार रात सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 23 रनों से हरा दिया. इस मैच में हैदराबाद ने पहले खेलते हुए केकेआर को जीत के लिए 229 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन कोलकाता की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर महज 205 रन बना सकी. केकेआर के लिए यह दूसरी हार थी तो हैदराबाद की दूसरी जीत. वहीं, इस मैच के बाद आईपीएल 2023 के प्वाइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव हुआ है. तो चलिए जानते हैं क्या है प्वाइंट्स टेबल का ताजा हाल.

राजस्थान रॉयल्स टॉप पर बरकरार

आईपीएल 2023 प्वाइंट्स टेबल पर नजर डालें तो राजस्थान रॉयल्स की टीम पहले स्थान पर बरकरार है. राजस्थान की टीम चार में से 3 मैच जीतकर 6 अंक और बेहतर नेट रन रेट के साथ पहले नंबर पर बनी हुई है. इसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के भी 4 मैच के बाद 6 अंक हैं और वह दूसरे नंबर पर मौजूद है. गुजरात टाइटंस 6 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है. इसके अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स क्रमश: चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर है. इन सभी टीमों के पास 4-4 अंक हैं.

कोलकाता को हराकर हैदराबाद ने लगाई बड़ी छलांग

वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की टीम कोलकाता के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद प्वाइंट्स टेबल में बड़ी छलांग लगाकर 7वें नंबर पर पहुंच गई है. हैदराबाद को 4 मैच में से 2 में जीत मिली है, जबकि 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. इस तरह हैदराबाद के 4 अंक हो गए हैं. हैदराबाद की जीत के बाद आरसीबी आठवें और मुंबई इंडियंस नौवे नंबर पर खिसक गई है. जबकि दिल्ली कैपिटल्स प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे आखिरी स्थान पर है.

Also Read: KKR vs SRH: हैरी ब्रुक ने जड़ा आईपीएल 2023 सीजन का पहला शतक, देखें स्टार बल्लेबाज की खास तस्वीरें

आपको बता दें कि आईपीएल 2023 में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इस बार टूर्नामेंट नए नियम के साथ पुराने फॉर्मेट में खेला जा रहा है. टीमें होम-एंड-अवे प्रारूप में मैच खेल रही हैं. इंपैक्ट प्लेयर का नियम लागू किया गया है. इस बार 10 फ्रेंचाइजी टीमों को A और B ग्रुप में बांटा है. हर मैच के साथ टूर्नामेंट और अंक तालिका काफी रोमांचक हो जाएगी. ग्रुप स्टेज खत्म होने के बाद अंक तालिका में टॉप 4 टीम आगे प्लेऑफ खेलेगी जबकि 6 टीमों का खिताब जीतने का सपना टूटेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

A sports enthusiast with a keen interest in Cricket and Football. Highly self-motivated and willing to contribute ideas and learn new things.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >