भारतीय टीम जल्द ही महिला क्रिकेट पर दबदबा बनायेगी, धाकड़ बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स को है भरोसा

भारतीय महिला टीम की धाकड़ बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स का मानना है कि आने वाले समय में भारत महिला क्रिकेट में अपना दबदबा बनायेगा और ऑस्ट्रेलिया को भी हरायेगा. आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के हाथों पांच रन से हार का सामना करना पड़ा.

केपटाउन : जेमिमा रोड्रिग्स महिला टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में भारत की हार से काफी निराश हैं लेकिन शीर्ष क्रम की यह बल्लेबाज सकारात्मक चीजों पर ध्यान देना चाहती हैं और उन्हें लगता है कि उनकी टीम निकट भविष्य में खेल में दबदबा बनायेगी. पिछले कुछ वर्षों में भारतीय महिला टीम ने काफी तेजी से प्रगति की है लेकिन कोई बड़ी ट्रॉफी नहीं जीत पायी है. उन्हें 2017 में वनडे विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड से हार मिली, 2020 टी20 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से पराजय झेलनी पड़ी और बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों 2022 के फाइनल में भी आस्ट्रेलियाई टीम विजयी रही.

सेमीफाइनल में 5 रन से हारा भारत

जेमिमा रोड्रिग्स ने गुरुवार को यहां आस्ट्रेलिया से सेमीफाइनल में मिली पांच रन की हार के बाद ‘आईसीसी डिजिटल’ से कहा कि मुझे लगता है कि यह टीम काफी उम्मीद दिखा रही है, हम डटे हुए हैं और हम जानते हैं कि कुछ बड़ा होने वाला है. हमारे हाथ में सिर्फ यही है कि हम कड़ी मेहनत करते रहें और भरोसा बनाये रखें. उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि जब हमारा समय आयेगा तो कोई भी इस टीम को नहीं रोक पायेगा. यह टीम बरसों तक दबदबा बनायेगी.

Also Read: Women’s T20 WC: सेमीफाइनल में हरमनप्रीत कौर के रनआउट से फैंस को याद आये MS Dhoni, जानिए क्या है वजह
जेमिमा ने ऋचा घोष की तारीफ की

युवा विकेटकीपर ऋचा घोष के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए रोड्रिग्स ने कहा कि भारत निश्चित रूप से निकट भविष्य में ऑस्ट्रेलिया को पराजित करेगा. उन्होंने कहा, सबसे पहले तो ऋचा जैसी युवा खिलाड़ी के प्रदर्शन को देखें. यह भारतीय टीम एक ‘फिनिशर’ की तलाश में है और वह यह (फिनिशर) हो सकती है और वह वास्तव में हमारे लिए फिनिशर है. रोड्रिग्स ने कहा कि यह टीम काफी उम्मीद जगाती है. और अगर टीम की औसत उम्र देखो तो यह 24 के करीब है. इसलिए मुझे लगता है कि हम इस ऑस्ट्रेलियाई टीम को कुछ वर्षों में प्रतिस्पर्धा देंगे.

हार के कारण बताये

बुधवार की रात भारतीय टीम जीत के करीब पहुंचकर हार गयी और रोड्रिग्स ने कहा कि इस हार से उबरने में कुछ समय लगेगा. उन्होंने कहा कि हर कोई ड्रेसिंग रूम में शांत था. हमें इससे उबरने में थोड़ा समय लगेगा. रोड्रिग्स ने कहा कि हमने सही जज्बा दिखाने पर चर्चा की थी और क्रिकेट ऐसा खेल है जिसमें कुछ भी हो सकता है. हम नतीजों पर ध्यान नहीं लगा रहे हैं बल्कि हमारा ध्यान प्रक्रिया में है लेकिन चीजें हमारे मुताबिक नहीं हुईं.

हरमनप्रीत का रनआउट होना टर्निंग प्वाइंट

उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यशाली रहे कि कुछ खिलाड़ी रन आउट हुईं. लेकिन इससे सबक मिलता है कि असफलता विफलता नहीं है बल्कि यह एक सीखने की प्रक्रिया है. हम इससे काफी सबक सीखेंगे और हमने वादा किया कि हम कड़ा परिश्रम करेंगे. कप्तान हरमनप्रीत कौर अगर रन आउट नहीं हुई होती तो भारत का नतीजा कुछ और हो सकता था. हम अच्छी लय में थे. हमने दबदबा बनाया हुआ था. अगर आप उन्हें देखें तो ज्यादातर समय हम हर चरण में उनसे ऊपर थे. बस अंतिम चरण में हमने गड़बड़ कर दी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >