INDW vs ENGW: बेखौफ क्रिकेट खेलने के लिए तैयार है हरमनप्रीत की 'सेना', जमकर बहाया पसीना, PICS

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू टी20 सीरीज खेलने के लिए भारतीय टीम तैयार है. सीरीज की शुरुआज 06 दिसंबर से हो रही है. इस सीरीज के बाद भारत को इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच भी खेलना है.

इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम तीन मैचों की टी20 सीरीज और एक टेस्ट मैच खेलने के लिए भारत दौरे पर हैं. भारतीय महिला क्रिकेट टीम के नवनियुक्त मुख्य कोच अमूल मजूमदार चाहते हैं कि उनके खिलाड़ी बेखौफ क्रिकेट खेलें. इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि फिटनेस और क्षेत्ररक्षण को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.

अमूल मजूमदार ने कि हमें एक विशेष तरह की क्रिकेट खेलने की जरूरत है जैसा कि अभी तक हम खेलते रहे हैं. मैं हमेशा से बेखौफ क्रिकेट खेलने की वकालत करता रहा हूं. हमें इसी तरह की क्रिकेट खेलनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि शैफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स दोनों ही भारतीय टीम की महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं. मैं चाहूंगा कि वह पहले की तरह ही आक्रामक क्रिकेट खेलते रहें. मैच से पहले खिलाड़ियों ने आज जमकर पसीना बहाया.

अगले साल सितंबर – अक्टूबर में बांग्लादेश में होने वाले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए मजूमदार ने कहा कि अब उनकी टीम के लिए प्रत्येक कदम बेहद महत्वपूर्ण होगा. उन्होंने कहा कि हम विश्व कप की तरफ बढ़ रहे हैं. प्रत्येक श्रृंखला और मैच का अपना महत्व होता है.

उन्होंने कहा कि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली श्रृंखलाओं का अपना विशेष महत्व है. मजूमदार इंग्लैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला से महिला क्रिकेट टीम के साथ अपने कार्यकाल की शुरुआत करेंगे.

मजूमदार ने कहा कि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से विश्व कप की तैयारी शुरू करना शानदार होगा. यह दोनों श्रृंखलाएं बेहद कड़ी होंगी जिससे हमें खुद को परखने का मौका मिलेगा. आगे बढ़ने के लिए मुश्किल टीमों का सामना करना महत्वपूर्ण होता है.

इंग्लैंड के बाद भारतीय टीम घरेलू श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी. मजूमदार ने कहा कि फिटनेस और क्षेत्ररक्षण को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जाएगी. फिल्डिंग या फिटनेस से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

उन्होंने आगे कहा कि इन सीरीज के बाद कई शिविर आयोजित किए जाएंगे और काफी क्रिकेट खेली जाएगी. इसके अलावा राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी तो है ही. इसका मतलब है अधिक से अधिक मैच खेलना. इसके अलावा नए खिलाड़ियों को भी मौका दिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >