World Cup 2023: ऑस्ट्रेलिया ने खोला खाता, श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर दर्ज की पहली जीत

ऑस्ट्रेलिया ने लखनऊ में श्रीलंका को पांच विकेट से हराकर वर्ल्ड कप में अपना खाता खोल लिया है. लेकिन तीन मैचों में यह उनकी पहली जीत है और उसके लिए राहें आसान नहीं हैं. ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अपना हर लीग मुकाबला जीतना होगा.

लेग स्पिनर एडम जम्पा (47 रन पर चार विकेट) और कप्तान पैट कमिंस (32 रन पर दो विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप मैच में सोमवार को श्रीलंका को 88 गेंद शेष रहते पांच विकेट से शिकस्त दी.

ऑस्ट्रेलिया की तीन मैचों में यह पहली जीत है और टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर आ गयी है. श्रीलंका लगातार तीसरी हार के बाद नौवें स्थान पर है. श्रीलंका की पारी को 43.3 ओवर में 209 रन पर समेटने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 35.2 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाकर जीत दर्ज की.

ऑस्ट्रेलिया के लिए सलामी बल्लेबाज मिशेल मार्श (51 गेंद में 52) और जोश इंग्लिस (59 गेंद में 58) ने अर्धशतकीय पारियां खेली. जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 21 गेंद में नाबाद 31 और मार्नस लाबुशेन ने 60 गेंद में 40 रन का योगदान दिया. श्रीलंका के लिए दिलशान मधुशंका ने तीन विकेट लिए. दुनिथ वेलालागे को एक सफलता मिली.

सलामी बल्लेबाजों कुसल परेरा (78) और पथुम निसंका (61) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच 130 गेंद में 125 रन की साझेदारी के दम पर श्रीलंका ने दमदार शुरुआत की लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद उसकी पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गयी.

परेरा ने 82 गेंद की पारी में 12 जबकि निशंका ने 67 गेंद की पारी में आठ चौके जड़े. लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज मिशेल मार्श ने पारी की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. दूसरे छोर से डेविड वॉर्नर (11) और पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ (शून्य) के पवेलियन लौटने का भी उन पर कोई असर नहीं पड़ा.

वॉर्नर और स्मिथ को मधुशंका ने पगबाधा किया. वॉर्नर ने मैदानी अंपायर के फैसले पर रिव्यू लिया लेकिन टीवी रिप्ले में देखा गया कि गेंद लेग स्टंप पर लग रही थी. वॉर्नर इस फैसले पर नाखुशी जाहिर करते हुए पवेलियन लौटे. मार्श ने लाहिरू कुमार के ओवर में दो और वेलालागे के ओवर में तीन चौके जड़े. उन्होंने 12वें ओवर में 39 गेंद में विश्व कप का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया. वह इसके बाद करुणारत्ने के शानदार थ्रो पर 15वें ओवर में रन आउट हो गये.

क्रीज पर आए इंग्लिस ने तीक्षणा के इस ओवर में लगातार दो चौके के साथ खाता खोला. एक छोर से लाबुशेन रक्षात्मक बल्लेबाजी कर रहे थे तो वही इंग्लिस श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाकर तेजी से रन बटोर रहे थे. उन्होंने 25वें ओवर में लाहिरू की गेंद पर अपर कट पर शानदार चौका जड़ने के बाद ओवर की आखिरी गेंद को दर्शकों के पास भेजा. इस गेंदबाज पर एक और चौके साथ उन्होंने 27वें ओवर में 46 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया.

लाबुशेन ने भी वेलालागे पर चौका जड़ा लेकिन मधुशंका ने उनकी पारी को खत्म कर तीसरी सफलता हासिल की. लाबुशेन और इंग्लिस ने चौथे विकेट के लिए 88 गेंद में 77 रन की साझेदारी की. ग्लेन मैक्सवेल ने मैदान पर उतरते ही मधुशंका पर तीन चौके और तीक्षणा पर दो छक्के जड़ा कर मैच पर पूरी तरह से ऑस्टेलिया की पकड़ बना दी.

वेलालागे ने इंग्लिस को आउट किया लेकिन अपनी आईपीएल टीम के घरेलू मैदान पर मार्कस स्टोइनिस ने इस गेंदबाज के खिलाफ दो चौके और छक्का जड़कर टीम को जीत दिला दी। वह 10 गेंद में 20 रन पर नाबाद रहे. इससे पहले बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही श्रीलंका की पारी को कमिंस ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर रोका. कमिंस की गेंद पर डेविड वॉर्नर ने शानदार कैच लपककर निशंका की पारी को खत्म किया.

उसके बाद उन्होंने परेरा को बोल्ड कर श्रीलंका को 157 के स्कोर प दूसरा झटका दिया. इनके अलावा चरिथ असलंका (25) ही दहाई के आंकड़े में रन बना पाये. जम्पा ने इसके बाद अपनी फिरकी का जादू दिखाते हुए कप्तान कुसल मेंडिस (नौ) और सदीरा समरविक्रमा (दो) को आउट कर लय में वापसी की घोषणा की.

मेंडिस को आउट करने में वार्नर की भी भूमिका रही, जिन्होंने डाइव लगाकर मैच में अपना दूसरा शानदार कैच लपका. इस गेंदबाज ने चमिका करूणारत्ने (दो) और तीक्षणा (शून्य) को पगबाधा किया. वामहस्त तेज गेंदबाज स्टार्क ने धनंजय डिसिल्वा (सात) और लाहिरू (चार) को बोल्ड किया. मैक्सवेल ने असलंका को आउट कर श्रीलंकाई पारी का अंत किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amleshnandan sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >