Arjun Tendulkar: भारत के महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर अब अपनी एक अलग पहचान बना रहे हैं. अर्जुन तेंदुलकर ने अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से एआसीएस अंधेरी को 9 विकेट से बड़ी जीत दिलाई. बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ मुकाबले में अर्जुन ने पहले गेंद से कहर बरपाया और फिर बल्ले से तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. उनके इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
अर्जुन तेंदुलकर की धारदार गेंदबाजी
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांद्रा ब्लास्टर्स की शुरुआत बेहद खराब रही. अर्जुन तेंदुलकर ने अपने पहले ही ओवर में दो अहम विकेट झटककर विरोधी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया. उन्होंने 3 ओवर की गेंदबाजी में सिर्फ 11 रन खर्च किए, जिसमें एक मेडेन ओवर भी शामिल रहा. अर्जुन ने कुल 3 विकेट अपने नाम किए और बांद्रा की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी. उनके अलावा प्रसून सिंह ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए. अंधेरी के गेंदबाजों के सामने बांद्रा ब्लास्टर्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 144 रन ही बना सकी.
बल्लेबाजी में प्रमोशन मिला तो मचा दिया कोहराम
145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एआरसीएस अंधेरी को दिव्यांश सक्सेना और मुशीर खान ने तेज शुरुआत दिलाई. पहले विकेट के लिए दोनों ने सिर्फ 2.3 ओवर में 32 रन जोड़ दिए. इसके बाद अर्जुन तेंदुलकर को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया और उन्होंने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया.
बाएं हाथ के बल्लेबाज अर्जुन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए बांद्रा के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. उन्होंने महज 34 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाए. अपनी पारी में अर्जुन ने 4 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 194 से ज्यादा का रहा. मुशीर खान ने भी शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसके दम पर एआरसीएस अंधेरी ने सिर्फ एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया.
आईपीएल 2026 में मिला सिर्फ एक मैच
मुंबई टी20 लीग में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले अर्जुन तेंदुलकर को आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी टीम में शामिल किया था. हालांकि पूरे सीजन में उन्हें सिर्फ एक मैच खेलने का अवसर मिला. पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए उस मुकाबले में अर्जुन ने एक विकेट भी हासिल किया था. मुंबई टी20 लीग में अर्जुन ने दिखा दिया कि अगर उन्हें अच्छे से मौका दिया जाए तो वह धमाल मचा सकते हैं.
यह भी पढें: आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से बाहर हुए मोहम्मद सिराज, इस खिलाड़ी की हुई टीम एंट्री
