नाटिंघम: गेंदबाजों के कमाल के बाद बल्लेबाजों के धमाल से भारत ने तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज यहां इंग्लैंड को छह विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढत बना ली. भारत ने रविचंद्रन अश्विन (39 रन पर तीन विकेट) के फिरकी के जादू की मदद से इंग्लैंड को 227 रन पर रोकने के बाद अंबाती रायुडू (नाबाद 64), अजिंक्य रहाणे (45), सुरेश रैना (42) और विराट कोहली (40) की उम्दा पारियों की मदद से सात ओवर शेष रहते चार विकेट पर 228 रन बनाकर मैच जीत लिया.
रायुडू ने अपनी नाबाद पारी में 78 गेंद का सामना करते हुए छह चौके जडे. रविंद्र जडेजा 12 रन बनाकर नाबाद रहे. इससे पहले जडेजा ने अश्विन का अच्छा साथ निभाते हुए 10 ओवर में 38 रन देकर एक विकेट चटकाया जबकि रैना ने भी आठ ओवर में 37 रन देकर एक विकेट हासिल किया. मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और रायुडू को भी एक एक विकेट मिला. इंग्लैंड की ओर से कप्तान एलिस्टेयर कुक (44), एलेक्स हेल्स (42) और जोस बटलर (42) अच्छी शुरुआत को बडी पारी में बदलने में नाकाम रहे. निचले क्रम में जेम्स ट्रेडवेल ने 18 गेंद में 30 रन की पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत के लिए पारी की शुरुआत रहाणे और शिखर धवन की नई सलामी जोडी ने की क्योंकि रोहित शर्मा अंगुली में फ्रैक्चर के कारण दौरे से बाहर हो गए हैं. दोनों ने सतर्कता के साथ बल्लेबाजी की लेकिन खराब फार्म से जूझ रहे धवन शुरुआत से ही परेशानी में दिखे. वह अंतत: 23 गेंद में 16 रन बनाने के बाद क्रिस वोक्स की गेंद को सीधे प्वाइंट पर खडे इयोन मोर्गन के हाथों में खेल बैठे. रहाणे ने इसके बाद कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 रन जोडकर भारत को बेहतर स्थिति में पहुंचाया.
रहाणे शुरु से ही लय में दिखे और उन्होंने जेम्स एंडरसन पर लगातार दो चौके मारे जबकि कोहली ने ट्रेडवेल पर छक्के के साथ अपने तेवर दिखाए. रहाणे ने भी बेन स्टोक्स पर लांग आफ पर छक्का जडा. ये दोनों हालांकि जब भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा रहे थे तब रहाणे की एकाग्रता टूटी और वह स्टीव फिन की गेंद को थर्ड मैन की ओर खेलने की कोशिश में विकेटकीपर बटलर को कैच दे बैठे. उन्होंने 56 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का मारा. टेस्ट श्रृंखला में विफल रहने के बाद दूसरे वनडे में भी खाता खोलने में नाकाम रहे कोहली आज कुछ लय में दिखे. उन्होंने रायुडू के साथ मिलकर 23वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया.
कोहली ने ट्रेडवेल पर चौका जडने के बाद स्टोक्स की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए लेकिन इसी ओवर में पवेलियन लौट गए. उन्होंने 50 गेंद की अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का मारा. इस समय भारत का स्कोर तीन विकेट पर 120 रन था. रायुडू को इसके बाद पिछले मैच के शतकवीर रैना के रुप में उम्दा जोडीदार मिला. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 14.5 ओवर में 87 रन जोडकर भारत की जीत सुनिश्चित की. दोनों ने शुरुआत में स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह दी. रैना हालांकि जल्द ही अपने चिरपरिचित अंदाज में खेलने लगे. उन्होंने जो रुट पर लगातार दो चौके मारे.
रैना ने इसके बाद वोक्स पर दो चौके मारे जबकि रायुडू ने 38वें ओवर में फिन पर दो चौकों के साथ 63 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. रायुडू ने फिन पर एक रन के साथ टीम के 200 रन भी पूरे किए. भारत को अंतिम 10 ओवर में जीत के लिए 21 रन की दरकार थी. रैना ने ट्रेडवेल की गेंद को उठाकर मारने की कोशिश में बाउंड्री पर वोक्स को कैच थमाया लेकिन भारतीय टीम को जीत के लिए जरुरी रन जुटाने में कोई परेशानी नहीं हुई. रैना ने 42 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके मारे.
इससे पहले टास हारकर बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही जब कुक और हेल्स ने पहले विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की. इसके बाद हालांकि उसके विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे. अपने घरेलू मैदान पर पहला वनडे खेल रहे हेल्स काम चलाउ स्पिनर रैना की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे. वहीं कुक को रायुडू ने आउट किया जो आगे निकलकर खेलने के प्रयास में चूके और विकेटकीपर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें स्टंप करने में कोई गलती नहीं की. बायें हाथ के स्पिनर जडेजा ने जो रुट (02) को स्टंप आउट कराया. वहीं अश्विन ने ईयोन मोर्गन (10) को विकेट के पीछे लपकवाया.
इयान बेल (28) कुछ देर टिके रहे लेकिन मोहित शर्मा के सटीक थ्रो पर रन आउट होकर पवेलियन लौटे.अश्विन ने बेन स्टोक्स (02) को भी आउट किया जिनका एक हाथ से बेहतरीन कैच पहली स्लिप में रैना ने लपका. शमी ने क्रिस वोक्स को 15 के निजी योग पर पवेलियन भेजकर मेजबान टीम की मुश्किलें बढा दी. बटलर (42) ने मोर्चा संभालने की कोशिश की लेकिन अश्विन की आफ स्पिन पर चकमा खा गए.
वह 48वें ओवर में आउट हुए. ट्रेडवेल ने आखिरी ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाने के साथ आखिरी ओवर में 18 रन बटोरे. उन्हें भुवनेश्वर ने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट किया जबकि स्टीव फिन आखिरी गेंद पर रन आउट हो गए.
