बारिश में धुल गया भारत-इंग्लैंड पहला वनडे

ब्रिस्टल : भारत और इंग्लैंड के बीच सोमवार को यहां होनेवाला पांच मैचों की सीरीज का पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच लगातार हो रही बारिश और गीले मैदान के कारण एक भी गेंद फेंके बिना रद्द कर दिया गया. ग्लॉस्टर काउंटी मैदान पर मैच अधिकारियों ने भारी बारिश के बाद स्थानीय समयानुसार एक बज कर […]

ब्रिस्टल : भारत और इंग्लैंड के बीच सोमवार को यहां होनेवाला पांच मैचों की सीरीज का पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच लगातार हो रही बारिश और गीले मैदान के कारण एक भी गेंद फेंके बिना रद्द कर दिया गया.

ग्लॉस्टर काउंटी मैदान पर मैच अधिकारियों ने भारी बारिश के बाद स्थानीय समयानुसार एक बज कर 30 मिनट पर पांच मैचों की सीरीज के पहले मैच को रद्द करने का फैसला किया. मैच के दौरान पहले से ही बारिश की भविष्यवाणी की गयी थी. बारिश कल देर रात शुरू हो गयी थी और सोमवार सुबह तक नहीं रुकी.

बीच में लगभग आधे घंटे के लिए बारिश कम हुई, लेकिन कुछ देर बाद फिर काफी तेज बारिश होने लगी, जिसमें कोई कमी नहीं आयी. सुबह से ही पिच और इसके आसपास के क्षेत्र को कवर करके रखा गया था और मैदानकर्मी पानी को हटाने में जुटे हुए थे. पानी हटाने के लिए तीन सुपर सोपर लगाये गये थे, लेकिन ये बारिश रुकने की स्थिति में ही उपयोगी साबित होते.

मैदानकर्मियों के प्रयास उस समय बेकार होते दिखे, जब आउफील्ड पर काफी पानी जमा हो गया, जो इस बात का संकेत था कि पानी की निकासी में समस्या हो रही है. मैच शुरू करने का अंतिम समय स्थानीय समयानुसार तीन बज कर 45 मिनट (भारतीय समयानुसार आठ बज कर 15 मिनट) था. ब्रिस्टल को 1999 विश्व कप से लगातार इंग्लैंड की घरेलू सीरीज के कार्यक्रम में जगह मिलती रही है.

इस मैदान ने 1983 में पहले मैच की मेजबानी करने के बाद से अब तक कुल 13 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों का आयोजन किया है. हालांकि आज का 14वां मैच पहला मौका है, जब यहां कोई मैच रद्द हुआ है. भारत इससे पहले 1999 विश्व कप में यहां कीनिया, 2002 नेटवेस्ट त्रिकोणीय सीरीज में श्रीलंका और 2007 दौरे की एकदिवसीय सीरीज में इंग्लैंड से भिड़ा और उसने तीनों मैचों में जीत दर्ज की. पांच मैचों की सीरीज का दूसरा वनडे बुधवार को कार्डिफ में खेला जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >