Brydon Carse: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को नाइटक्लब विवाद में राहत मिली है. डर्बीशायर पुलिस ने मारपीट के मामले की जांच बंद कर दी है, इसलिए उन पर कोई आपराधिक आरोप नहीं लगेगा. इस घटना के कारण उन्हें इंग्लैंड की टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन अब उनकी वापसी का रास्ता साफ हो गया है.
नाइटक्लब में क्या हुआ था?
यह मामला 23 अगस्त 2026 की रात का है. कार्स डर्बी में अपने डरहम टीम के साथियों के साथ थे. टीम ने डर्बीशायर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप में जीत दर्ज की थी और इसके बाद खिलाड़ी जश्न मनाने निकले थे. जिसके बाद उन्हें नशे में मारपीट और उपद्रव करने के शक में हथकड़ी लगाकर हिरासत में लिया गया था. हालांकि, उनसे पूछताछ करने के बाद उन्हें गिरफ्तार किए बिना छोड़ दिया गया.
पुलिस ने जांच क्यों बंद की?
इसके बाद पुलिस ने मारपीट को लेकर जांच शुरू कर दी थी. डर्बीशायर पुलिस ने बताया कि अधिकारियों ने कथित पीड़ित की पहचान कर उससे बात की. इसके बाद मामले में आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई और जांच बंद कर दी गई. इस मामले में कार्स के खिलाफ कोई आपराधिक आरोप नहीं लगाया जाएगा.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया में नहीं मिली जगह, अब इंग्लैंड के लिए खेलेंगे मुकेश कुमार; इस टीम के लिए करेंगे डेब्यू
पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट से हुए थे बाहर
घटना के बाद ब्रायडन कार्स को पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम से हटा दिया गया था. वह तीसरे टेस्ट में भी टीम का हिस्सा नहीं बने. बाद में वह श्रीलंका के खिलाफ चल रही व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए चयन के लिए उपलब्ध थे, लेकिन उन्हें वहां भी टीम में जगह नहीं मिली.
दिलचस्प बात यह है कि क्लब विवाद के बावजूद कार्स ने डरहम के लिए खेलना जारी रखा और टीम को रोथेसे काउंटी चैंपियनशिप के डिविजन टू खिताब तक पहुंचाने में योगदान दिया.
क्या अब होगी इंग्लैंड टीम में वापसी?
पुलिस ने नाइटक्लब मामले में जांच बंद कर दी है. अब उनपर कोई मुकदमा नहीं है. ऐसे में अब इंग्लैंड की टीम में उनकी वापसी संभव है. हालांकि, अब यह देखना होगा कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड कार्स को लेकर क्या फैसला करता है. कार्स से इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल कोच ब्रेंडन मैकुलम ने भी इस मामले को लेकर बातचीत करते हुए कहा था कि मैदान के बाहर भी आपको सही फैसले लेने होंगे, ताकि आप मैदान पर अपना बेस्ट दे सकें.
ये भी पढ़ें: Abhishek Porel Bail: अभिषेक पोरेल को रेप केस में मिली जमानत, 11 अगस्त से जेल में थे क्रिकेटर
