BCCI Special Accommodation Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीमों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के बीच चर्चा जारी है. BCCI चाहता है कि उसके क्रिकेटरों को अन्य भारतीय खिलाड़ियों से अलग और बेहतर सुविधा मिले. अब IOA ने इस मामले में अपनी स्थिति साफ कर दी है.
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर BCCI आयोजकों की ओर से उपलब्ध कराए गए होटल से संतुष्ट नहीं है और क्रिकेटरों के लिए अलग व्यवस्था करना चाहता है, तो बोर्ड अपनी तरफ से इसका इंतजाम कर सकता है. हालांकि, ऐसी स्थिति में खिलाड़ियों के रहने, खाने और उन्हें समय पर प्रतियोगिता स्थल तक पहुंचाने समेत सभी लॉजिस्टिक जिम्मेदारियां BCCI को खुद उठानी होंगी.
IOA ने BCCI को दिया विकल्प
IOA के CEO रघुराम अय्यर ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा कि BCCI अपने खिलाड़ियों के लिए अलग आवास व्यवस्था करने के लिए पूरी तरह से फ्री है. हालांकि, इसके लिए उससे जुड़ी जिम्मेदारियां भी बोर्ड को ही संभालनी होंगी.
अय्यर के मुताबिक, BCCI के CEO हेमांग अमीन ने इस मुद्दे पर IOA से बातचीत की है. BCCI जापान में सुविधाओं का जायजा लेने के लिए एक एडवांस टीम भेजने पर भी विचार कर रहा है. IOA ने इस कदम का स्वागत किया है. सुविधाओं का निरीक्षण करने के बाद BCCI यह तय कर सकता है कि वह आयोजकों की ओर से उपलब्ध कराए गए होटल का इस्तेमाल करना चाहता है या अपने स्तर पर व्यवस्था करना.
ये भी पढ़ें: Team India Asian Games 2026: एशियन गेम्स में क्रूज शिप पर रहेगी टीम इंडिया? BCCI ने उठाया कमरा शेयरिंग का मुद्दा
पुरुष और महिला टीम के लिए तय हैं अलग होटल
फिलहाल एशियन गेम्स के आयोजकों ने भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के लिए होटल तय कर दिए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय पुरुष टीम को थ्री स्टार APA होटल नागोया एकिमाए (APA Hotel Nagoya Ekimae), जबकि महिला टीम को फॉर स्टार मेइतेत्सु ग्रैंड होटल (Meitetsu Grand Hotel) में ठहराने की व्यवस्था की गई है.
दोनों होटलों में जरूरी सुविधाएं हैं, लेकिन ये फाइव स्टार होटलों से कम स्तर का हैं. इसके अलावा, खिलाड़ियों को एक कमरे में दो-दो लोगों के साथ रहना होगा. यही बात BCCI के लिए चिंता की वजह बनी हुई है.
महिला टीम के सामने सबसे पहले आएगी चुनौती
भारतीय महिला टीम के लिए यह मामला ज्यादा जल्द सामने आने वाला है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम 13 सितंबर को दुबई में एशिया कप अभियान खत्म करने के बाद भारत लौटेगी और अगले ही दिन नागोया के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है. महिला क्रिकेट टीम का एशियन गेम्स अभियान 17 सितंबर से शुरू होना है. ऐसे में खिलाड़ियों के पास जापान पहुंचने के बाद परिस्थितियों के अनुकूल ढलने के लिए बहुत कम समय होगा.
BCCI भेजेगा एडवांस टीम
रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI की एडवांस टीम अगले सप्ताह की शुरुआत में जापान जा सकती है. यह टीम खिलाड़ियों के होटल के अलावा क्रिकेट स्थल और दूसरी जरूरी सुविधाओं का भी निरीक्षण करेगी. इसके बाद BCCI अंतिम फैसला लेगा कि वह आयोजकों की ओर से तय आवास व्यवस्था को स्वीकार करेगा या क्रिकेटरों के लिए अलग इंतजाम करेगा.
IOA CEO रघुराम अय्यर ने कहा कि खिलाड़ियों की सुविधा और उनकी तैयारी सबसे महत्वपूर्ण है. उनका कहना है कि उद्देश्य यही है कि खिलाड़ी लॉजिस्टिक समस्याओं की चिंता किए बिना अपना पूरा ध्यान प्रदर्शन पर लगा सकें.
अलग व्यवस्था हुई तो BCCI की होगी पूरी जिम्मेदारी
IOA ने स्पष्ट किया है कि वह क्रिकेट टीमों के लिए अलग आवास की व्यवस्था की मांग को लेकर अलग से हस्तक्षेप नहीं करेगा. अगर BCCI को आयोजकों की व्यवस्था अपनी जरूरत के मुताबिक नहीं लगती है, तो वह खुद वैकल्पिक इंतजाम कर सकता है. लेकिन ऐसी स्थिति में होटल, भोजन, खिलाड़ियों के आने-जाने और प्रतियोगिता स्थल तक समय पर पहुंचने जैसी सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी BCCI की होगी.
ये भी पढ़ें: बुमराह की फिटनेस ने बढ़ाई BCCI की चिंता, बोर्ड ने अब LSG के इस तेज गेंदबाज पर लगाया दांव
