Bangladesh Team for Asian Games 2026 : जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स के लिए बांग्लादेश ने अपनी 15 सदस्यीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है. अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास को टीम की कप्तानी सौंपी गई है. टीम में तौहीद ह्रदोय, रिशाद हुसैन और मुस्तफिजुर रहमान जैसे प्रमुख खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है. वहीं, स्टार तेज गेंदबाज नाहिद राणा और तस्किन अहमद चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं बन पाए हैं.
नाहिद राणा और तस्किन अहमद को नहीं मिली जगह
बांग्लादेश के तेज गेंदबाजी विभाग को बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार पेसर नाहिद राणा चोट के चलते चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहे. उनके अलावा अनुभवी तेज गेंदबाज तस्किन अहमद भी चोट के कारण टीम से बाहर हैं. इन दोनों की गैरमौजूदगी में बांग्लादेश की तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मुस्तफिजुर रहमान, शोरिफुल इस्लाम और हसन महमूद जैसे गेंदबाजों पर होगी.
2022 में ब्रॉन्ज जीत चुका है बांग्लादेश
बांग्लादेश की टीम एशियन गेम्स में अपने पिछले प्रदर्शन को बेहतर करने के इरादे से उतरेगी. 2022 एशियन गेम्स में बांग्लादेश ने पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. भारत ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था, जबकि श्रीलंका को सिल्वर से संतोष करना पड़ा था. इस बार भी बांग्लादेश को टूर्नामेंट में सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है. भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ बांग्लादेश को भी पहले राउंड से छूट दी गई है.
ये भी पढ़ें: IPL 2027: CSK से फिर जुड़ना चाहते हैं सुरेश रैना, बोले- इच्छा जाहिर कर दी, अब फैसला मैनेजमेंट का
24 सितंबर से शुरू होगी पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता
Asian Games 2026 में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेली जाएगी. टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी. पहले राउंड में छह टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा. दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी. क्वार्टर फाइनल चरण में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे प्रवेश मिला है. भारतीय पुरुष टीम अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेलेगी. भारत का सामना ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा.
Asian Games 2026 के लिए बांग्लादेश की पूरी टीम
लिटन दास (कप्तान), तंजिद हसन, परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद सैफ हसन, नजमुल हुसैन शांतो, तौहीद ह्रदोय, मुसद्दक हुसैन सैकात, यासिर अली चौधरी, रिशाद हुसैन, शेख मेहदी हसन, नसुम अहमद, शैफ उद्दीन, शोरिफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान और हसन महमूद.
ये भी पढ़ें: September 2026 Sports Calendar: सितंबर में एशियन गेम्स, फॉर्मूला-1, चेस चैंपियनशिप समेत होंगे ये बड़े टूर्नामेंट
