रोहित शर्मा के लॉर्ड्स वनडे शतक के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में प्रशासनिक (Administrative) बदलाव देखने को मिल सकता है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर का कार्यकाल बढ़ाने पर अब सवाल खड़े हो गए हैं. उनकी जगह वीवीएस लक्ष्मण को नया चीफ सेलेक्टर बनाए जाने की चर्चा तेज है.
रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज के दौरान रोहित शर्मा के पहले दो मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद ऐसी खबरें सामने आई थीं कि चयनकर्ताओं ने उन्हें संकेत दे दिया है कि वे अब 2027 वनडे विश्व कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं. फैसला रोहित पर छोड़ दिया गया था कि वह अपने भविष्य को लेकर क्या निर्णय लेते हैं.
रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे मैच में जड़ा था शतक
सीरीज 1-1 से बराबर होने के बाद तीसरे वनडे को रोहित शर्मा के संभावित विदाई मैच के रूप में देखा जाने लगा. लेकिन बीसीसीआई सचिव ने इस बात का सिरे से नकार दिया था. हालांकि, दबाव के बीच रोहित ने शानदार शतक जड़कर आलोचकों को जवाब दिया, भले ही भारत वह मुकाबला हार गया. लॉर्ड्स में वनडे में शतक जड़ने वाले रोहित पहले भारतीय बल्लेबाज भी बने थे.
ये भी पढ़ें: क्या जाएगी अजीत अगरकर की कुर्सी? इस दिग्गज के हाथ आ सकती है टीम इंडिया की कमान
BCCI सचिव ने किया था खंडन
इन अटकलों के बीच BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया था कि जब तक रोहित शर्मा 2027 वनडे विश्व कप की योजनाओं का हिस्सा हैं, तब तक वह नियमित रूप से भारतीय टीम के लिए खेलते रहेंगे. खुद रोहित शर्मा ने भी अपने भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं को सिर्फ "शोर" बताया था.
चयन समिति के कुछ सदस्य बताए जा रहे नाराज
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, चयन समिति के कुछ सदस्य इस पूरे घटनाक्रम से खुद को "ठगा हुआ" महसूस कर रहे हैं. बताया गया है कि उन्होंने पहले ही BCCI को भरोसे में लेकर अपनी राय दी थी कि रोहित शर्मा को 2027 विश्व कप की योजनाओं से बाहर रखा जाना चाहिए. अब इसी घटनाक्रम के बाद BCCI अजीत अगरकर को एक और कार्यकाल देने पर दोबारा विचार कर सकती है. अगर श्रीलंका टेस्ट सीरीज भारतीय टीम जीतने में सफल रहती है तो शायद अगरकर का कार्यकाल 2027 तक बढ़ जाए.
VVS लक्ष्मण हैं सबसे बड़े दावेदार
रिपोर्ट के अनुसार, यदि BCCI अगरकर का कार्यकाल नहीं बढ़ाती है, तो बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) से जुड़े पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण चयन समिति के नए अध्यक्ष बनने के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. हालांकि, इस मुद्दे पर अंतिम फैसला अगले महीने होने वाली BCCI की वार्षिक आम बैठक (AGM) में लिया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: श्रीलंका टेस्ट से पहले BCCI का मास्टरस्ट्रोक, टीम इंडिया के साथ जुड़े 4 स्टार खिलाड़ी
