Vaishakh Amavasya 2026: आज 17 अप्रैल को वैशाख अमावस्या है. हिंदू धर्म में प्रत्येक महीने के कृष्ण पक्ष की अंतिम तिथि को अमावस्या के रूप में मनाया जाता है. इस दिन पितरों को स्मरण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध कर्म करने का विशेष महत्व होता है. मान्यता है कि इस दिन परिवार द्वारा किए गए इन कर्मों से पूर्वज प्रसन्न होते हैं और उन्हें मोक्ष की प्राप्ति होती है. साथ ही, परिवार पर उनकी कृपा सदा बनी रहती है. इस लेख में हमने धर्मवर्ण की एक पौराणिक कथा प्रस्तुत की है, जो पितरों के तर्पण और पिंडदान के महत्व को स्पष्ट रूप से बताती है.
धर्मवर्ण की कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन समय में धर्मवर्ण नाम के एक ब्राह्मण हुआ करते थे. वे सदैव भगवान की पूजा, सत्संग और हरि-भजन में लीन रहते थे. एक दिन उन्होंने एक सिद्ध पुरुष को कहते सुना कि कलयुग में केवल प्रभु का नाम स्मरण करने से ही वह पुण्य और फल प्राप्त हो जाता है, जो अन्य युगों में कठिन तपस्या के बाद मिलता था. यह बात धर्मवर्ण के मन को गहराई से छू गई और उन्होंने संसार की मोह-माया त्यागकर संन्यास ले लिया.
पितृ लोक का वह दर्दनाक दृश्य
अपनी साधना के दौरान एक बार धर्मवर्ण की आत्मा ‘पितृ लोक’ पहुंची. वहा उन्होंने जो देखा, उसे देखकर उनका हृदय कांप उठा. उनके पूर्वज भीषण कष्ट में थे और भूख-प्यास से तड़प रहे थे. हैरान होकर धर्मवर्ण ने पूछा, “हे पूर्वजों! आप तो पुण्यात्मा थे, फिर आपकी यह दुर्दशा क्यों?”
तर्पण और पिंडदान का महत्व
पितरों ने आंसुओं भरी आँखों से उनकी ओर देखते हुए कहा, “पुत्र तुम्हारे संन्यास लेने के कारण ही हमारी यह स्थिति हुई है. अब हमारे कुल में पिंडदान और तर्पण करने वाला कोई नहीं बचा. जब तक वंश आगे बढ़ता है और संतान श्राद्ध करती है, तभी तक हमें परलोक में पोषण मिलता है. तुम्हारे संन्यासी बनने से हमारे मोक्ष का मार्ग बंद हो गया है.”
पितरों की सलाह
पितरों ने धर्मवर्ण को समझाया कि धर्म केवल एकांत में भक्ति करना नहीं, बल्कि अपने कुल के प्रति कर्तव्यों का पालन करना भी है. उन्होंने कहा, “यदि तुम गृहस्थ जीवन अपनाकर विवाह करो और वंश आगे बढ़ाओ, साथ ही अमावस्या के दिन विधि-विधान से तर्पण करो, तभी हमें शांति प्राप्त होगी.”
कर्तव्य की जीत और पितरों की मुक्ति
पितरों की पीड़ा देखकर धर्मवर्ण ने अपना निर्णय बदल दिया. उन्होंने विवाह किया और गृहस्थ धर्म का पालन करते हुए वैशाख अमावस्या के दिन पूरे श्रद्धा भाव से पिंडदान किया. उनके इस पुण्य कार्य से उनके पितर तृप्त हुए और उन्हें मोक्ष की प्राप्ति हुई.
यहां पढ़ें धर्म से जुड़ी बड़ी खबरें: Religion News in Hindi – Spiritual News, Hindi Religion News, Today Panchang, Astrology at Prabhat Khabar
