सोम प्रदोष पर अजगैवीनाथ धाम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 1.46 लाख कांवरिये बाबाधाम रवाना

सावन की दूसरी सोमवारी और सोम प्रदोष के पावन अवसर पर सुलतानगंज के अजगैवीनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर 1.46 लाख से अधिक कांवरिये बाबाधाम के लिए रवाना हुए.

Som pradosh Vrat: सुलतानगंज में सावन की दूसरी सोमवारी और सोम प्रदोष की पावन तिथि पर अजगैवीनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान और गंगाजल भरने के लिए अहले सुबह से ही कांवरियों और आम श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा अजगैवीनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. मंदिर परिसर से लेकर गंगा घाट तक दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष गूंजते रहे.

सोम प्रदोष के विशेष महत्व को देखते हुए बाबा अजगैवीनाथ मंदिर में जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही. मंदिर के स्थानापति महंत प्रेमानंद गिरि ने कहा कि सोम प्रदोष भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण तिथि मानी जाती है. इस दिन बाबा भोलेनाथ पर श्रद्धापूर्वक जलार्पण करने से भक्तों पर भगवान शिव की कृपा बनी रहती है.

11 बजे तक 1.46 लाख कांवरिये बाबाधाम रवाना

अजगैवीनाथ धाम में बिहार के अलावा झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और नेपाल सहित कई राज्यों से कांवरिये पहुंचे. श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगायी. गंगाजल भरने के बाद कांवरियों ने बाबा अजगैवीनाथ की पूजा-अर्चना की और ‘बोल बम’ का जयघोष करते हुए देवघर के लिए पैदल यात्रा शुरू की.

कृष्णगढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, सोमवार को दिन के 11 बजे तक करीब 1.46 लाख कांवरिये गंगाजल लेकर बाबाधाम के लिए रवाना हो चुके थे. इसके बाद भी कांवरियों का आगमन और प्रस्थान लगातार जारी रहा. गंगा घाटों पर कांवरियों की भीड़ से पूरा तट गुलजार रहा. सड़क से लेकर गंगा घाट तक हर तरफ केसरिया वस्त्रों में सजे कांवरिये नजर आये.

यह भी पढ़ें: सावन शिवरात्रि 2026: शिवलिंग पर क्यों चढ़ाते हैं 3 पत्तियों वाला बेलपत्र? जानें इसका रहस्य

भक्ति के साथ संगीत का भी दिखा रंग

इस बार कांवरिया यात्रा में भक्ति के साथ संगीत और मनोरंजन का नया रंग भी देखने को मिला. कई जत्थे अपने साथ बाजा और साउंड सिस्टम लेकर पहुंचे हैं. ‘डबलू-डबलू डॉट कॉम’, ‘भोले बाबा वेलकम’, ‘बाबा नगरी दूर है, जाना जरूर है’ जैसे भक्ति गीतों और नारों पर कांवरिये झूमते-नाचते बाबाधाम की ओर बढ़ते दिखे.

संगीत की धुन और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच कांवरियों के कदम लगातार देवघर की ओर बढ़ते रहे. कांवरियों की भीड़ से सुलतानगंज का चप्पा-चप्पा केसरियामय हो गया. गंगा घाट, मुख्य सड़क और कांवरिया पथ पर हर ओर शिवभक्ति का उत्साह दिखाई दिया.

सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन अलर्ट

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से भी पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. नियंत्रण कक्ष और विभिन्न स्थानों पर तैनात सुरक्षाकर्मी भीड़ की निगरानी और व्यवस्था संभालते नजर आये.

यह भी पढ़ें: शिव को गंगाजल प्रिय क्यों? हलाहल विष का रहस्य


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नेहा कुमारी

नेहा कुमारी वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में धर्म बीट पर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. वह व्रत-त्योहार, राशिफल, पंचांग, ज्योतिष, शुभ मुहूर्त, पौराणिक कथाओं और भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों पर लेख लिखती हैं. उन्होंने वेस्ट बंगाल स्टेट यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री प्राप्त की है.

डिजिटल पत्रकारिता में उन्होंने धर्म, ज्योतिष और भारतीय परंपराओं से जुड़े विषयों पर विशेष अनुभव हासिल किया है. उनका उद्देश्य पाठकों तक सरल भाषा में सटीक, विश्वसनीय और उपयोगी जानकारी पहुंचाना है, ताकि वे धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों को आसानी से समझ सकें.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >