Sawan Daan: हिंदू धर्म में सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति के लिए सबसे पवित्र और शुभ माना जाता है. इस दौरान शिवजी के जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, व्रत और पूजा-अर्चना के साथ-साथ दान-पुण्य का भी विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन मास में किया गया दान अक्षय पुण्य फल प्रदान करता है. साथ ही यह भी माना जाता है कि इस महीने कुछ विशेष वस्तुओं का दान करने से कुंडली के ग्रह दोष शांत होते हैं और जीवन में सुख, शांति तथा समृद्धि का वास होता है. आइए जानते हैं कि सावन के पावन महीने में किन-किन वस्तुओं का दान करना सबसे शुभ माना जाता है.
1. चावल का दान
सावन के महीने में चावल का दान अत्यंत शुभ माना जाता है. यदि कुंडली में चंद्रमा कमजोर हो या व्यक्ति मानसिक तनाव, अनिद्रा अथवा निर्णय लेने में कठिनाई जैसी समस्याओं से जूझ रहा हो, तो जरूरतमंदों को चावल, चीनी या सफेद वस्त्रों का दान करना लाभकारी माना जाता है. मान्यता है कि इससे चंद्रमा मजबूत होता है और मन को शांति मिलती है.
2. काले तिल का दान
भगवान शिव की पूजा और शिवलिंग के जलाभिषेक में काले तिल का विशेष महत्व होता है. सावन में काले तिल का दान करने से राहु, केतु और शनि से जुड़े दोषों का प्रभाव कम होता है. साथ ही, नकारात्मक ऊर्जा से भी राहत मिलने की मान्यता है.
3. हरी वस्तुओं और मूंग दाल का दान
सावन में हरी वस्तुओं, जैसे साबुत हरी मूंग, हरी सब्जियों और मौसमी फलों का दान करना शुभ माना जाता है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, हरा रंग और हरी वस्तुएं बुध ग्रह का प्रतिनिधित्व करती हैं. इनका दान करने से बुद्धि, वाणी, व्यापार और कार्यक्षेत्र में सफलता प्राप्त होने की मान्यता है.
यह भी पढ़ें: सावन में इन तेलों और घी का दीपक जलाने से चमक सकती है किस्मत, जानें धार्मिक महत्व
