रंग पंचमी के दिन देवी देवता खेलेंगे होली, जरूर करें ये अचूक उपाय

Rang Panchami 2026: रंग पंचमी 2026 का पर्व 8 मार्च को मनाया जाएगा. जानिए पंचमी तिथि का समय, रंग पंचमी का धार्मिक महत्व, शुभ रंग और सुख-समृद्धि के लिए किए जाने वाले आसान उपाय.

Rang Panchami 2026:  होली के पांचवें दिन रंग पंचमी का त्योहार मनाया जाता है. यह पर्व चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को आता है. होली के अगले दिन से ही रंगों का उत्सव शुरू हो जाता है, जो पंचमी तक चलता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन देवता भी अपने भक्तों के साथ होली खेलने के लिए पृथ्वी पर आते हैं, इसलिए रंग पंचमी को देव पंचमी भी कहा जाता है.

साल 2026 में रंग पंचमी का त्योहार 8 मार्च 2026 को मनाया जाएगा. इस दिन लोग रंग-गुलाल के साथ खुशियां मनाते हैं और भगवान की पूजा भी करते हैं.

पंचांग के अनुसार तिथि

वैदिक पंचांग के अनुसार रंग पंचमी चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को मनाई जाती है. इस बार पंचमी तिथि 7 मार्च की शाम 7 बजकर 17 मिनट से शुरू होगी. वहीं इसका समापन 8 मार्च की रात 9 बजकर 10 मिनट पर होगा.

हिंदू धर्म में त्योहार मनाने के लिए उदयातिथि यानी सूर्योदय के समय पड़ने वाली तिथि को अधिक महत्व दिया जाता है. इसी कारण रंग पंचमी का पर्व 8 मार्च को ही मनाया जाएगा.

रंग पंचमी का शुभ रंग

रंग पंचमी को देव पंचमी और कृष्ण पंचमी भी कहा जाता है. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है.

मान्यता है कि अगर इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी को गुलाल अर्पित किया जाए तो उनकी कृपा जल्दी प्राप्त होती है. खास तौर पर लाल और गुलाबी रंग का गुलाल बहुत शुभ माना जाता है. भक्त इन रंगों से भगवान को गुलाल अर्पित करते हैं और फिर परिवार और दोस्तों के साथ भी रंगों का आनंद लेते हैं.

रंग पंचमी का धार्मिक महत्व

रंग पंचमी सिर्फ रंग खेलने का ही त्योहार नहीं है, बल्कि इसका धार्मिक महत्व भी है. इस दिन लोग भगवान की पूजा करते हैं और कुछ खास उपाय भी करते हैं. माना जाता है कि इन उपायों से जीवन में सुख-समृद्धि आती है, घर में खुशहाली बनी रहती है और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है.

सुख-समृद्धि के लिए उपाय

रंग पंचमी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और भगवान विष्णु तथा राधा-कृष्ण की पूजा करें. पूजा के समय भगवान को गुलाल या अबीर जरूर अर्पित करें. इसके बाद परिवार के सदस्यों को थोड़ा सा गुलाल लगाएं. ऐसा करने से घर में प्रेम और खुशहाली बढ़ती है.

धन लाभ के लिए उपाय

इस दिन पीले रंग को बहुत शुभ माना जाता है. भगवान विष्णु को पीला गुलाल, पीले फूल और हल्दी अर्पित करें. इसके साथ “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का 108 बार जाप करें. धार्मिक मान्यता के अनुसार इससे धन और समृद्धि में वृद्धि होती है.

नकारात्मक ऊर्जा दूर करने का उपाय

रंग पंचमी के दिन घर के मुख्य दरवाजे पर थोड़ा सा गुलाल छिड़क दें. इसके साथ ही घर में गंगाजल का छिड़काव करें. माना जाता है कि इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मक वातावरण बनता है.

व्रत त्योहार से जुड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

दान का महत्व

इस दिन दान करना भी बहुत शुभ माना जाता है. जरूरतमंद लोगों को भोजन, कपड़े या मिठाई का दान करें. इससे पुण्य मिलता है और जीवन की परेशानियां कम होने की मान्यता है.

इस तरह रंग पंचमी का त्योहार रंगों के साथ-साथ भक्ति, खुशी और सकारात्मकता का संदेश देता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shaurya punj

मैं धर्म, ज्योतिष और आध्यात्मिक विषयों पर लेखन में विशेषज्ञता रखता हूं. हस्तरेखा शास्त्र, राशिफल, ग्रह-नक्षत्र, धार्मिक परंपराओं और पौराणिक कथाओं से जुड़े विषयों पर मेरी विशेष रुचि और गहरी समझ है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया और कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. धर्म और ज्योतिष के अलावा एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी लगातार लेखन करता रहा हूं. मेरी कोशिश रहती है कि जटिल विषयों को आसान, रोचक और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाया जाए.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >