Masik Krishna Janmashtami 2026: हिंदू धर्म में भगवान श्रीकृष्ण के भक्तों के लिए हर महीने आने वाली कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि बेहद खास मानी जाती है. इस दिन मासिक कृष्ण जन्माष्टमी का व्रत रखा जाता है और पूरे विधि-विधान से कान्हा की पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा भाव से व्रत और पूजा करने से जीवन के दुख-दर्द दूर होते हैं और सुख-समृद्धि का आगमन होता है. भक्त इस दिन भगवान कृष्ण से परिवार की खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते हैं.
कब मनाई जाएगी मासिक कृष्ण जन्माष्टमी
साल 2026 में मासिक कृष्ण जन्माष्टमी 9 मई, शनिवार को मनाई जाएगी. इसी दिन कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पड़ रही है, जिसे पूजा और व्रत के लिए अत्यंत शुभ माना गया है. इस दिन भक्त सुबह से व्रत रखकर भगवान कृष्ण की आराधना करेंगे और रात में विशेष पूजा करेंगे. मंदिरों में भी जन्माष्टमी के अवसर पर भजन-कीर्तन और विशेष सजावट की जाएगी.
जानिए शुभ मुहूर्त और पूजा का समय
9 मई 2026 को सूर्योदय सुबह 5:52 बजे और सूर्यास्त शाम 6:53 बजे होगा. वहीं चंद्रोदय रात 12:34 बजे बताया गया है. इस दिन अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:57 बजे से दोपहर 12:49 बजे तक रहेगा. इसके अलावा अमृत काल दोपहर 12:23 बजे से 2:08 बजे तक रहेगा, जिसे पूजा-पाठ और शुभ कार्यों के लिए उत्तम माना जाता है. ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4:15 बजे से 5:03 बजे तक रहेगा. इस दौरान मंत्र जाप और ध्यान करना विशेष फलदायी माना गया है.
मासिक कृष्ण जन्माष्टमी पर करें ये आसान उपाय
मासिक कृष्ण जन्माष्टमी के दिन कुछ सरल उपाय करने से भगवान कृष्ण की विशेष कृपा प्राप्त होती है. शाम के समय भगवान श्रीकृष्ण के सामने घी का दीपक जलाएं और सच्चे मन से अपनी मनोकामना कहें. इसके बाद उन्हें माखन-मिश्री और तुलसी के पत्ते अर्पित करें. साथ ही “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का 108 बार जाप करें. मान्यता है कि इस मंत्र के जाप से मन को शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
