Janmashtami 2026 Krishna Story: इस साल जन्माष्टमी 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को मनाई जाएगी. इस खास अवसर पर हम श्रीकृष्ण की एक ऐसी कहानी बता रहे हैं, जिसमें उनकी बांसुरी की धुन सुनकर वृंदावन की गोपियों का मन जैसे कृष्णमय हो गया था. मजेदार बात यह है कि कृष्ण ने कुछ कहा भी नहीं, बस मुरली बजाई और गोपियों के दिल की दुनिया बदल गई.
शरद की शाम और कृष्ण की मुरली
शरद ऋतु आ चुकी थी. सरोवरों और नदियों का पानी स्फटिक की तरह साफ था. कमल खिले थे, ठंडी-सुगंधित हवाएं चल रही थीं और जंगल में भौंरे गुनगुना रहे थे. इसी खूबसूरत माहौल में कृष्ण, बलराम और ग्वालबालों के साथ गायें चराते हुए वृंदावन पहुंचे. फिर कृष्ण ने अपनी मुरली होंठों से लगाई और ऐसी धुन छेड़ी कि पूरा वन जैसे ठहर गया.
पहली गोपी बोली- आंखों की असली सफलता यही है
कृष्ण की बांसुरी सुनकर एक गोपी अपनी सखी से कहने लगी कि आंखों की सबसे बड़ी सफलता तो यही है कि कृष्ण और बलराम को जंगल में जाते, गायें चराते और मुरली बजाते देखा जाए. वह श्रीकृष्ण के रूप का वर्णन करते-करते खो गई—सिर पर मोरपंख, कानों में नीले फूल, पीताम्बर और गले में वैजयन्ती माला. उसे लग रहा था कि कृष्ण की मुरली की धुन सुनना ही जीवन की सबसे बड़ी खुशी है.
दूसरी गोपी को मुरली से होने लगी जलन
दूसरी गोपी ने कृष्ण और बलराम को देखकर कहा कि दोनों ऐसे लग रहे हैं, जैसे किसी रंगमंच पर जाने वाले कलाकार हों. लेकिन उसकी नजर सबसे ज्यादा कृष्ण की मुरली पर थी. वह बोली—सखी, आखिर इस बांसुरी ने ऐसा कौन-सा पुण्य किया है कि उसे कृष्ण के अधरों का अमृत लगातार मिलता रहता है? गोपी को मानो बांसुरी से ही ईर्ष्या होने लगी थी.
एक अन्य गोपी ने मोरों का राज बताया
एक अन्य गोपी ने कहा कि कृष्ण की बांसुरी बजते ही मोर ऐसे नाचने लगते हैं, जैसे उन्हें बादलों की गर्जना सुनाई दी हो. गोवर्धन पर्वत की घाटियों में रहने वाले पशु, पक्षी, पेड़-पौधे भी मुरली की धुन में खो जाते हैं. उसे लगता था कि वृंदावन की धरती ही सबसे भाग्यशाली है, क्योंकि वहां कृष्ण के चरण पड़े हैं.
हिरनियां भी खिंची चली आईं
एक सखी ने कृष्ण की मुरली का असर हिरनियों में देखा. वह बोली कि ये हिरनियां भी कृष्ण और बलराम की वेशभूषा से मोहित हैं. मुरली की आवाज सुनते ही वे अपने पतियों के साथ कृष्ण की ओर देखने लगती हैं और मानो श्रद्धा से प्रणाम करती हैं. गोपियों को उनसे ईर्ष्या भी होती थी, क्योंकि हिरनियां अपने पतियों के साथ कृष्ण के पास पहुंच पा रही थीं.
देवताओं की पत्नियां भी नहीं बचीं
एक दूसरी गोपी ने बताया कि कृष्ण की वंशी की ध्वनि सिर्फ वृंदावन तक सीमित नहीं थी. स्वर्ग की देवताओं की पत्नियां भी इसे सुनकर मोहित हो जाती थीं. आकाश में अपने पतियों के साथ जा रही वे स्त्रियां भी कृष्ण की मुरली सुनकर विचलित हो उठती थीं. यानी कृष्ण की धुन का जादू धरती से लेकर आकाश तक फैल चुका था.
गायें और बछड़े भी मुरली पर ठहर गए
गोपियों ने देखा कि कृष्ण की बांसुरी सुनकर गायें भी सुध-बुध खो देती हैं. वे अपने कान फैलाकर मानो उस धुन को पीने लगतीं. बछड़े मां का दूध पीते-पीते रुक जाते और उनकी आंखों से प्रेम के आंसू छलक पड़ते. पक्षी भी डालियों पर चुपचाप बैठकर कृष्ण की मुरली सुनते रहते.
यमुना और गोवर्धन भी कृष्ण के भक्त बन गए
कृष्ण की मुरली सुनकर यमुना की लहरें भी जैसे धीमी पड़ जातीं और वह कमल-पुष्प लेकर कृष्ण के चरणों का स्पर्श पाने को आतुर दिखाई देती. गोवर्धन पर्वत भी कृष्ण और बलराम के चरणों का सान्निध्य पाकर फल, मूल, औषधियां, स्वच्छ जल और गायों के लिए हरी घास अर्पित करता मानो उनकी सेवा में लगा हो.
वृंदावन का पूरा संसार कृष्ण के प्रेम में डूब गया
इस कथा में गोपियों की कोई निश्चित संख्या या उनके व्यक्तिगत नाम नहीं बताए गए हैं. लेकिन एक के बाद दूसरी, फिर दूसरी के बाद तीसरी गोपी कृष्ण की मुरली का गुणगान करती दिखाई देती है. किसी को कृष्ण का रूप मोहता है, किसी को मुरली की धुन, किसी को उनके चरणचिह्न और किसी को उनकी गायों के साथ लीला. यही इस प्रसंग की खूबसूरती है—कृष्ण की वंशी की धुन सुनकर केवल गोपियां ही नहीं, बल्कि वृंदावन का पूरा संसार जैसे कृष्ण के प्रेम में डूब गया था.
