Shravani Mela 2026: श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर देवघर का बाबाधाम शिवभक्ति में डूबा रहा. बाबा वैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी और पूरा मेला क्षेत्र बोल बम के जयकारों से गूंज उठा.
16 किमी तक पहुंची कतार, केसरिया सैलाब में डूबा बाबाधाम
श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर बाबा वैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. रविवार देर रात से ही कांवरियों का पहुंचना शुरू हो गया था. सोमवार को मुख्य अर्घा की कतार बाबा मंदिर से करीब 16 किलोमीटर दूर कुमैठा स्टेडियम तक पहुंच गयी. बाह्य अर्घा में भी करीब 70-80 हजार श्रद्धालु अलग-अलग कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते रहे.
3 लाख 69 हजार 449 कांवरियों ने किया जलार्पण
दूसरी सोमवारी पर कुल 3 लाख 69 हजार 449 कांवरियों ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया. सरदार पंडा लेन, शिवगंगा लेन, वीआईपी गेट, सिंह द्वार और आसपास की गलियों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. दिन ढलने तक कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा.
रात एक बजे से ही कतार में खड़े थे कांवरिये
वैद्यनाथ धाम में बाबा के दर्शन और जलार्पण को लेकर कांवरियों का उत्साह देखते ही बन रहा था. रात करीब एक बजे ही श्रद्धालुओं की कतार नंदन पहाड़ से आगे बढ़ते हुए चमारीडीह पुल तक पहुंच गयी थी. लगातार बढ़ती भीड़ के कारण रूटलाइन में श्रद्धालुओं का दबाव बना रहा. थकान के बावजूद कांवरियों में बाबा के दर्शन की उत्सुकता साफ नजर आई.
ये भी पढ़ें: सावन की दूसरी सोमवारी पर शिवमय हुई रांची, पहाड़ी मंदिर से सुरेश्वर धाम तक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सुबह 3:05 बजे खुले बाबा मंदिर के पट
दूसरी सोमवारी को बाबा वैद्यनाथ मंदिर के पट सुबह 3:05 बजे खोले गये. इससे पहले पुरोहित समाज ने करीब 15 मिनट तक कच्चा जल पूजा की. इसके बाद महंत सरदार पंडा श्रीश्री गुलाब नंद ओझा ने बाबा की विशेष पूजा-अर्चना की. दूध, दही, घी और मधु अर्पित कर विश्व शांति और लोक कल्याण की कामना की गयी.
बोल बम के जयघोष से गूंजा पूरा देवघर
सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल पहुंचे कांवरियों के साथ स्थानीय और दूर-दराज से आये श्रद्धालु भी बाबा का जलाभिषेक करने पहुंचे. कांवरियों के कदमों के साथ पूरा मेला क्षेत्र ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा. देवघर की सड़कें और रूटलाइन पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंगी नजर आईं.
