शुरू होने वाला है बुढ़वा मंगल का त्योहार, बन रहा है अद्भुत संयोग, यहां से जानें सही डेट

Bada Mangal 2026: ज्येष्ठ माह 2026 में इस बार 8 बड़ा मंगल का दुर्लभ संयोग बन रहा है. जानें हनुमान जी की पूजा का महत्व, तिथियां और इस दिन किए जाने वाले खास उपाय.

Bada Mangal 2026: ज्येष्ठ महीने में पड़ने वाले मंगलवार को ‘बड़ा मंगल’ या ‘बुढ़वा मंगल’ कहा जाता है. यह दिन भगवान हनुमान की कृपा पाने के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इसी माह के एक मंगलवार को भगवान श्रीराम और हनुमान जी की पहली मुलाकात हुई थी. साथ ही, ज्येष्ठ मास में ही हनुमान जी को अमरता का वरदान मिलने की भी कथा प्रचलित है. यही कारण है कि इस पूरे महीने के मंगलवार विशेष रूप से पूजनीय होते हैं.

इस बार बन रहा है दुर्लभ संयोग

साल 2026 में अधिक मास के कारण एक अनोखा संयोग बन रहा है. आमतौर पर ज्येष्ठ महीने में 4 या 5 मंगलवार होते हैं, लेकिन इस बार कुल 8 बुढ़वा मंगल पड़ रहे हैं. ज्येष्ठ माह 2 मई से 29 जून तक रहेगा, जिससे भक्तों को हनुमान जी की पूजा के अधिक अवसर मिलेंगे.

बड़ा मंगल 2026 की तिथियां

  • पहला बड़ा मंगल: 5 मई 2026
  • दूसरा बड़ा मंगल: 12 मई 2026
  • तीसरा बड़ा मंगल: 19 मई 2026
  • चौथा बड़ा मंगल: 26 मई 2026
  • पांचवां बड़ा मंगल: 2 जून 2026
  • छठा बड़ा मंगल: 9 जून 2026
  • सातवां बड़ा मंगल: 16 जून 2026
  • आठवां बड़ा मंगल: 23 जून 2026

पूजा और धार्मिक अनुष्ठान

बड़ा मंगल के दिन भक्त व्रत रखते हैं और हनुमान मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना करते हैं. इस दिन सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ करना अत्यंत फलदायी माना जाता है. इसके अलावा, भंडारे और प्रसाद वितरण का भी विशेष महत्व होता है, जिससे पुण्य की प्राप्ति होती है और समाज में सेवा भाव बढ़ता है.

आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ मास के मंगलवार वह पावन समय है जब वनवास के दौरान हनुमान जी का मिलन भगवान श्रीराम से हुआ था. यह महीना साल का सबसे गर्म समय भी होता है, जब सूर्य का ताप अपने चरम पर होता है. ऐसे में हनुमान जी को शक्ति, शीतलता और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है. भक्त इस कठिन समय में उनकी शरण लेकर जीवन के कष्टों, बाधाओं और संकटों से मुक्ति की कामना करते हैं.

क्यों करें बड़ा मंगल की पूजा?

बड़ा मंगल पर हनुमान जी की आराधना करने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है, साहस और आत्मविश्वास बढ़ता है और जीवन में सुख-शांति आती है. इस दिन की गई भक्ति विशेष फलदायी मानी जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shaurya Punj

मैंने डिजिटल मीडिया में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. पिछले 6 वर्षों से मैं विशेष रूप से धर्म और ज्योतिष विषयों पर सक्रिय रूप से लेखन कर रहा हूं. ये मेरे प्रमुख विषय हैं और इन्हीं पर किया गया काम मेरी पहचान बन चुका है. हस्तरेखा शास्त्र, राशियों के स्वभाव और उनके गुणों से जुड़ी सामग्री तैयार करने में मेरी निरंतर भागीदारी रही है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद. इसके साथ साथ कंटेंट राइटिंग और मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हुए मेरी मजबूत पकड़ बनी. इसके अलावा, एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी मैंने गहराई से लेखन किया है, जिससे मेरी लेखन शैली संतुलित, भरोसेमंद और पाठक-केंद्रित बनी है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >