कोलकाता : 50 भारतीय तीर्थयात्रियों का पहला जत्था तिब्बती स्वायत्त क्षेत्र स्थित कैलास मानसरोवर यात्रा के लिए सिक्किम में नाथूला दर्रा के नए रास्ते से 21 जून को गुजरेगा. सिक्किम के पर्यटन और नागरिक उड्डयन सचिव सी जांगपो ने कहा कि पूर्वी सिक्किम में भारत-चीन सीमा पर नाथूला र्दे को संभवत: 20 जून को कैलास मानसरोवर यात्रा के लिए औपचारिक तौर पर खोला जायेगा और तीर्थयात्राियों को इससे होकर एक दिन बाद जाने की अनुमति दी जायेगी.
50 तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे के साथ पांच सपोर्ट स्टाफ और एक जनसंपर्क अधिकारी रहेगा. केंद्र और सिक्किम सरकार दोनों तीर्थयात्रियों को नियंत्रित करने के लिए तैयार हैं. राज्य के मुख्य सचिव आर ओंगमू की अध्यक्षता में हाल में गंगटोक में हुई बैठक में तारीखों को अंतिम रूप दिया गया. तीर्थ यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन 22 फरवरी से विदेश मंत्रालय की वेबसाइट के जरिए होगी. सिक्किम पर्यटन विकास निगम को राज्य के भीतर यात्रा कराने और समन्वय करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. अधिकारियों ने कहा कि चीन अपनी तरफ तीर्थयात्रियों का मार्गदर्शन करेगा.
