मैं प्रभात खबर के माध्यम से निजी व सरकारी बस ऑपरेटरों के बारे में सरकार का ध्यान आकृष्ट करना चाहता हूं कि राज्य की सिटी और लंबी दूरी की बसों द्वारा रूट अचानक बदल लेने से यात्रियों को अनेकानेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
हाल ही में, मैं जमशेदपुर के टेल्को बस स्टैंड पर दिन के करीब तीन बजे साकची जाने के लिए खड़ा था. आधे घंटे के इंतजार के बाद बस आयी. थोड़ी देर बाद बस चालक ने उसका रूट ही बदल दिया और सवारियों को साकची ले जाने से मना कर दिया. यह कोई अकेला मामला नहीं है.
सिटी बसों में ही नहीं, राज्य के अंदर एक शहर से दूसरे शहर और राज्य से बाहर जानेवाली बसों का भी यही हाल है. इन बसों के रूट बदल जाने से यात्रियों को अनेकानेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है. अत: सरकार से आग्रह है कि इस पर ध्यान दे.
हाराधन मुखोपाध्याय, जमशेदपुर
