Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 27 जुलाई से 1 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. विभाग के अनुसार, 28 से 31 जुलाई के बीच हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 जुलाई से 1 अगस्त, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 जुलाई से 1 अगस्त बीच कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 27 से 28 जुलाई और 1 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं, 29 से 31 जुलाई के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश, 27 जुलाई से 1 अगस्त तक छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान कई जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है.
झारखंड में होगी बारिश
बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दबाव वाला क्षेत्र बना है. इससे झारखंड के कई हिस्सों में वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है. राजधानी रांची में 28 जुलाई तक आकाश में बादल छाये रहने व बारिश की चेतावनी दी गयी है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 27 जुलाई को रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम में वज्रपात के साथ भारी बारिश हो सकती है. वहीं 28 जुलाई को रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़ में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग का पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
कोलकाता स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार, बंगाल में 27 जुलाई को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दक्षिण बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर और झारग्राम में 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पुरुलिया और बांकुड़ा में 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हो सकती है. दूसरी ओर, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार जिलों में भी 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 27 जुलाई को आसमान आमतौर पर बादलों से ढका रहेगा. इस दौरान बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, 28 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
बिहार में येलो अलर्ट
IMD के अनुसार, 27 जुलाई को बिहार के उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वोत्तर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. वहीं, पटना, नालंदा, गया, नवादा, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय और आसपास के दक्षिण एवं दक्षिण-पूर्वी जिलों में किसी तरह का मौसम अलर्ट नहीं है. हालांकि, यहां भी हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं.
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब और मजबूत होने की ओर बढ़ रहा है, जिसका असर राजस्थान में भी देखने को मिलेगा. 27 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं. वहीं, 29 जुलाई से 2 अगस्त के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में एक बार फिर मानसून सक्रिय होगा, जिससे बारिश का दौर तेज होने की संभावना है. इस दौरान पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी 29 जुलाई से 2 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने का अनुमान है.
