उत्तर भारत में बढ़ती गर्मी, तप रहा राजस्थान, बंगाल में लू का अलर्ट, झारखंड में बदलेगा मौसम

Weather Alert: देश के कई हिस्सों में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है. तापमान लगातार बढ़ रहा है. राजस्थान से लेकर पश्चिम बंगाल और झारखंड तक मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं,कहीं भीषण गर्मी और लू तो कहीं राहत भरी बारिश की संभावना है.

Weather Alert: उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी की दस्तक हो गयी है. राजस्थान में गर्मी अपने चरम पर पहुंचने लगी है. कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. बुधवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा पिलानी (झुंझुनूं) में 42.7 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 42.6 डिग्री, चुरू में 42.4 डिग्री और कोटा में 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. राजधानी जयपुर भी भीषण गर्मी की चपेट में रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा हो सकता है.

बंगाल में लू का अलर्ट

पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में लू की स्थिति को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 25 अप्रैल तक दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है. शुष्क पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है. इस बीच, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जैसे इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे वहां कुछ राहत मिल सकती है.

झारखंड में बदल सकता है मौसम का मिजाज

झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. राज्य के दुमका, जामताड़ा, धनबाद और बोकारो जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है. फिलहाल राज्य में तापमान 34.6 से 43.4 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. हालांकि, मौसम विभाग ने 24 अप्रैल से अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की संभावना जताई है. इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

Also Read: बिहार में आग उगल रहा आसमान, 14 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >