TVK सुप्रीमो विजय ने सरकार बनाने का पेश किया दावा, राज्यपाल से मिले, सौंपी समर्थकों की सूची

TVK Chief Vijay: टीवीके प्रमुख विजय ने लोक भवन में तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात की और राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया.

TVK Chief Vijay: तमिलगा वेट्ट्री कजगम (TVK) के प्रमुख विजय ने बुधवार को लोक भवन जाकर तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात की. विजय ने उन्हें समर्थकों की लिस्ट सौंपी और सरकार बनाने का दावा पेश किया. विजय की पार्टी तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है. विजय ने खुद तिरुचिरापल्ली पूर्व और पेरम्बूर दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से जीत हासिल की है.

कांग्रेस दे रही है टीवीके को समर्थन

इससे पहले बुधवार को तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के सेल्वपेरुंथगई और पार्टी के राज्य प्रभारी गिरीश चोडंकर ने चेन्नई स्थित टीवीके मुख्यालय में पार्टी प्रमुख विजय से मुलाकात की और राज्य में अगली सरकार बनाने में समर्थन देने की बात कही. बाद में मीडिया से बात करते हुए सेल्वपेरुंथगई ने कहा- हमने टीवीके को अपना समर्थन पत्र दे दिया है. यह पार्टी के हाई कमान कमान का फैसला है.

तमिलनाडु चुनाव में टीवीके को मिली 108 सीटें, कांग्रेस के समर्थन से क्या बन जाएगी सरकार?

तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं. उसे सरकार बनाने के लिए 10 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है. कांग्रेस के 5 विधायक निर्वाचित हुए हैं. कांग्रेस अब तक द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा थी. राज्य में सरकार गठन के लिए बहुमत का आंकड़ा 118 है. कांग्रेस के समर्थन देने के बाद टीवीके के पक्ष में 113 विधायक हो जाएंगे. लेकिन सरकार बनाने के लिए विजय को 5 और विधायकों का समर्थन चाहिए होगा.

क्या सरकार बना पाएंगे विजय, 5 सीटों पर फंस रहा पेच

टीवीके प्रमुख विजय ने राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा तो पेश कर दिया है. लेकिन 5 सीटों पर पेच फंस रहा है. तमिल नाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं. जबकि बहुमत के लिए जरूरी है 118 सीटें, यानी टीवीके के पास 10 सीट कम पड़ रही हैं. ऐसे में कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया है, लेकिन समस्या यह है कि कांग्रेस के पास सिर्फ पांच सीटें हैं. ऐसे में हाथ का साथ मिलने के बावजूद विजय के पास पांच सीटों की कमी रह ही जा रही है.

AIADMK से संपर्क साध रही है टीवीके!

पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक बहुमत का आंकड़ा छूने के लिए टीवीके ने एडप्पाडी के पलानीस्वामी से संपर्क किया है. AIADMK के 47 विधायक समर्थन देकर बहुमत दिला सकते हैं. एआईएडीएमके ने विधानसभा चुनावों में 47 सीटें हासिल की हैं और उसका समर्थन टीवीके को बहुमत का आंकड़ा आसानी से पार करने में मदद कर सकता है.

विधानसभा चुनाव में टीवीके की धमाकेदार जीत

अभिनेता से नेता बने विजय की तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया. टीवीके ने 234 में से 108 सीटें जीतकर डीएमके (59 सीटें) और एआईएडीएमके (47 सीटें) दोनों को पीछे छोड़ दिया. टीवीके की इस जीत ने राज्य में डीएमके और एआईएडीएमके के करीब तीन दशक पुराने राजनीतिक वर्चस्व को भी तोड़ दिया है.

Also Read: कांग्रेस ने विजय के TVK को दिया समर्थन, जानिए जादुई आंकड़े तक पहुंचने का क्या है पावर गेम?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >