Video : तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने हिरासत में लिये जाने के बाद कहा कि उन्होंने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया. न ही किसी के बारे में गलत या अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा, "मैं अपने बयान के नतीजे भुगतने के लिए तैयार हूं. मुझे गिरफ्तारी से कोई डर नहीं है."
यह मामला 3 अगस्त को कावेरी जल विवाद को लेकर DMK के किसान प्रदर्शन के दौरान दिए गए उदयनिधि स्टालिन के बयान से जुड़ा है. आरोप है कि रैली में मौजूद कुछ लोगों ने एक्ट्रेस तृषा कृष्णन का नाम लिया था. इसके बाद उदयनिधि ने अपने भाषण में तृषा को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और द्विअर्थी टिप्पणी कर दी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया.
पुलिस के पास दर्ज कराई गई है शिकायत
इस मामले में पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई है. इसके अलावा, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने भी उदयनिधि स्टालिन के भाषण को लेकर कार्रवाई की मांग की है. पार्टी ने इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है.
उदयनिधि के बयान पर बोले कार्ति चिदंबरम, 'ऐसी टिप्पणियों से असली मुद्दे से ध्यान भटकता है'
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने एक्ट्रेस तृषा को लेकर उदयनिधि स्टालिन की कथित द्विअर्थी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इस तरह के हल्के और गैर-जरूरी बयान असली मुद्दों से लोगों का ध्यान हटा देते हैं. कार्ति ने कहा कि मौजूदा समय में तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच कावेरी जल बंटवारे और कावेरी प्रबंधन बोर्ड के आदेशों के पालन जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि राजनीति में हास्य की जगह है, लेकिन वह मर्यादित और सम्मानजनक होना चाहिए.
