केरल में 11 अगस्त से खुल जायेंगे मॉल, सरकार ने जारी किया आदेश

केरल में 11 अगस्त के बाद से शॉपिंग मॉल खुल जायेंगे. हालांकि, इसके लिए पूरे सुरक्षा इंतजाम करने होंगे. केरल सरकार ने मॉल खोलने का आदेश जारी करते हुए यह हिदायत दी है.ताजा तरीन खबरों के लिए बने रहें prabhatkhabar.com के साथ...

Live Updates
10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

केरल में 11 अगस्त से खुल जायेंगे मॉल, सरकार ने जारी किया आदेश

केरल में 11 अगस्त के बाद से शॉपिंग मॉल खुल जायेंगे. हालांकि, इसके लिए पूरे सुरक्षा इंतजाम करने होंगे. केरल सरकार ने मॉल खोलने का आदेश जारी करते हुए यह हिदायत दी है.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

मणिपुर में अब लॉकडाउन और कर्फ्यू नहीं, मिनी कंटेनमेंट जोन बनेंगे

कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए मणिपुर में अब लॉकडाउन और कर्फ्यू नहीं लगाया जायेगा. अब यहां मिनी कंटेनमेंट जोन बनाकर कोरोना को हराया जायेगा. कैबिनेट की बैठक में शनिवार को यह फैसला लिया गया.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

अमेरिकी और स्विस राइफल से चीन का मुकाबला करेंगे भारत के जवान

अमेरिकी और स्विस राइफल के साथ अब चीन की सेना से मुकाबला करेगी भारतीय सेना. एलएसी की निगरानी में तैनात जवानों को सरकार ने अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराये हैं.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट हुआ सस्पेंड

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी तौर पर सस्पेंड कर दिया गया है. कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट करके यह जानकारी दी है. पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के ट्विटर अकाउंट को बहाल करने की प्रक्रिया जारी है.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

मुंबई में 4 जगह पर बम की सूचना मामले में 3 गिरफ्तार

हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के घर समेत मुंबई में 4 जगहों पर बम की सूचना देने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. इन्हें कल्याण इलाके से गिरफ्तार किया गया है. आजाद मैदान थाना में इस सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मुंबई पुलिस ने यह जानकारी दी.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

कोचीन से लंदन के लिए एयर इंडिया की सीधी उड़ान 18 अगस्त से

कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लंदन के लिए सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है. 18 अगस्त से इसकी शुरुआत होगी. कोचीन एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यह जानकारी दी है.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादी हमला

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया. इसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गयी. कश्मीर जोन के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को शाम में आतंकवादियों ने अचानक पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें एक जवान की मृत्यु हो गयी. पूरे इलाके को घेर लिया गया है. आतंकवादियों की तलाश की जा रही है.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

उत्तराखंड में होटल का हिस्सा ढहकर पहाड़ी से गिरा

उत्तराखंड के जोशीमठ के झाडकुला में एक होटल का हिस्सा ढहकर पहाड़ी से नीचे जा गिरा. इस होटल को प्रशासन ने शनिवार को सुबह में ही खाली कराया था.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

कर्नाटक में 7 जगहों पर एनआईए ने की छापामारी

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कर्नाटक में शनिवार को 7 जगहों पर छापामारी की. कर्नाटक के डीजे हल्ली और केजी हल्ली पुलिस स्टेशन पर वर्ष 2020 में हमलों के मामले में एनआईए ने यह कार्रवाई की. इस मामले में 7 लोगों के खिलाफ चार्जशीट पेश की गयी थी. उन्हीं की तलाश में छापामारी हुई. एनआईए ने यह जानकारी दी है.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

केरल में एक दिन में कोरोना के 20367 केस, 139 लोगों की मौत

कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य केरल में पिछले 24 घंटे में 139 लोगों की मौत हो गयी है. 20 हजार 367 नये मामले सामने आये हैं. केरल में इस वक्त 1 लाख 78 हजार 166 सक्रिय मामले हैं, जबकि अब तक इस प्रदेश में 17 हजार 654 लोगों की कोरोना के संक्रमण की वजह से मौत हो चुकी है.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

आंध्रप्रदेश में कोरोना के 1908 नये मामले, 23 लोगों की मौत

आंध्रप्रदेश में पिछले 24 घंटा में कोरोना वायरस के संक्रमण के 1908 नये मामले सामने आय हैं. 23 लोगों की मौत हुई है. इस दौरान 2,103 लोगों ने कोरोना को मात भी दी.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है. उन्होंने एक बार फिर इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल 2020 का विरोध किया है.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

पश्चिम बंगाल में बीएसएफ ने 30 देसी बम बरामद किये

पश्चिम बंगाल में नीमतीता स्थित बॉर्डर आउटपोस्ट के करीब से बीएसएफ ने शनिवार को 30 देसी बम बरामद किये.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

मुंबई के सरकारी अस्पताल में एलपीजी का रिसाव, मचा हड़कंप

मुंबई के चिंचपोकली इलाके में बीएमसी द्वारा संचालित कस्तूरबा अस्पताल में एलपीजी रिसाव के बाद हड़कंप मच गया. हालांकि, कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए कुल 58 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इनमें से 20 मरीज कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज करा रहे थे.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

अमेरिका की अपने नागरिकों से अपील- तत्काल छोड़ दें अफगानिस्तान

अमेरिका ने अपने नागरिकों से अपील की है कि वे तत्काल अफगानिस्तान छोड़ दें. अफगानिस्तान में अमेरिकी दूतावास ने अमेरिकियों से कहा है कि जो भी पहली फ्लाइट मिले, उससे निकल लें. अफगानिस्तान में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ऐसी अपील की गयी है.

10:55 PM. 7 Aug 21 10:55 PM. 7 Aug

अफगानिस्तान के कुंदुज सिटी में 11 की मौत, 39 घायल

अफगानिस्तान के कुंदुज सिटी में हिंसा जारी है. इसमें कम से कम 11 लोगों की मौत हो गयी है और 39 लोग घायल हो गये हैं. अफगानिस्तान के कुंदुज पब्लिक हेल्थ डायरेक्टरेट के प्रमुख एहसानुल्लाह फजली ने यह जानकारी दी.

2:47 PM. 7 Aug 21 2:47 PM. 7 Aug

दिल्ली के नंद नगरी एरिया में बिल्डिंग गिरी, बचाव राहत कार्य में जुटे दमकल कर्मी

दिल्ली के नंद नगरी एरिया में एक इमारत गिरने से कई लोगों के दबने का अंदेशा है. मौत पर तीन फायर टेंडर्स बचाव राहत कार्य में जुटे हुए हैं.

2:47 PM. 7 Aug 21 2:47 PM. 7 Aug

अमित शाह ने विजय रूपाणी से की बात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रूपाणी सरकार के 5 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी के साथ बातचीत की. उन्होंने कहा कि गुजरात में भाजपा ने जनभागीदारी को महत्व देना शुरू किया, जिसे विजय रूपाणी और नितिन पटेल ने बढ़ावा दिया है.

2:47 PM. 7 Aug 21 2:47 PM. 7 Aug

जॉनसन एंड जॉनसन की सिंगल डोज कोरोना वैक्सीन को भारत में मिली मंजूरी

जॉनसन एंड जॉनसन की सिंगल डोज कोरोना वैक्सीन को भारत में मंजूरी मिल गयी है. भारत में इसके आपातकालीन उपयोग के लिए मंजूरी दी गयी है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर जानकारी दी.

2:47 PM. 7 Aug 21 2:47 PM. 7 Aug

जम्मू-कश्मीर में एक आतंकी ढेर, दूसरा आतंकवादी जिंदा पकड़ाया

जम्मू कश्मीर के बडगाम में सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया है. साथ ही लश्कर के एक आतंकवादी को जिंदा पकड़ा है. मारे गये आतंकी के पास से एक एके47 और एक पिस्टल बरामद हुआ है.

2:47 PM. 7 Aug 21 2:47 PM. 7 Aug

पीएम मोदी ने अन्न योजना के लाभार्थियों से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों से बातचीत की. उन्होंने उनसे समस्याओं के बारे में पूछा.

2:47 PM. 7 Aug 21 2:47 PM. 7 Aug

राजस्थान में 51 फीसदी लोगों को लगा टीका

राजस्थान स्वास्थ्य सचिव सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि हमने अप्रैल से घर-घर जाकर टीकाकरण शुरू किया था. गुरुवार तक 3.42 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है. 18 साल से ऊपर के 51 फीसदी लोगों को पहली खुराक दी गयी है और 16 फीसदी आबादी को पूरी तरह से टीका लगाया गया है. हमारे पास रोजाना 15 लाख टीके लगाने की क्षमता है और हमने केंद्र से इतनी ही मात्रा मांगी है. वैक्सीन की बर्बादी -2 फीसदी है.

2:47 PM. 7 Aug 21 2:47 PM. 7 Aug

देश में एक दिन में आये कोरोना के 38,628 नये मामले, 617 लोगों की मौत

भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 38,628 नये मामले दर्ज किये गये हैं. वहीं, इस दौरान 40,017 लोग ठीक हुए हैं. एक दिन में 617 और लोगों की कोरोना से मौत हुई है. इसके साथ ही मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 4,27,371 हो गया है. देश में अब भी 4,12,153 एक्टिव मामले हैं. देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस की 49,55,138 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा बढ़कर 50,10,09,609 हुआ.

2:47 PM. 7 Aug 21 2:47 PM. 7 Aug

मुंबई में बम की सूचना के बाद अफरा-तफरी का माहौल

मुंबई पुलिस ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष को कल रात एक फोन आया, जिसमें धमकी दी गयी कि मुंबई में चार स्थानों पर बम रखे गये हैं. पुलिस, बम निरोधक दस्ते और जीआरपी की टीम ने तलाशी ली. जांच में यह फर्जी कॉल निकला. पुलिस टीम कॉल करने वाले और उसकी लोकेशन का पता लगा रही है.

2:47 PM. 7 Aug 21 2:47 PM. 7 Aug

बॉर्डर बंद होने से मिजोरम को नहीं मिल पा रही जीवनरक्षक दवाएं

जोरम मेडिकल कॉलेज RT-PCR लैब में कोरोना टेस्टिंग किट की भारी कमी के कारण उपलब्ध स्टॉक के आधार पर मिजोरम में नमूना परीक्षण सीमित हो रहा है. मिजोरम के मंत्री लालरुत्किमा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि NH-306 की निरंतर नाकेबंदी के कारण परीक्षण किट और अन्य जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति अभी भी असम-मिजोरम सीमा पर फंसे हुए हैं.

7:41 AM. 7 Aug 21 7:41 AM. 7 Aug

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में मारा गया एक आतंकी

जम्‍मू-कश्‍मीर (Jammu-Kashmir) के बडगाम जिले के मोचवा में शनिवार की सुबह सुरक्षबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकवादी को मार गिराया. आतंकी के पास से एक एके 47 राइफल और एक पिस्‍टल बरामद की गयी है. पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

मुख्य बातें

केरल में 11 अगस्त के बाद से शॉपिंग मॉल खुल जायेंगे. हालांकि, इसके लिए पूरे सुरक्षा इंतजाम करने होंगे. केरल सरकार ने मॉल खोलने का आदेश जारी करते हुए यह हिदायत दी है.ताजा तरीन खबरों के लिए बने रहें prabhatkhabar.com के साथ…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >