मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में एक शिक्षक और अतिथि महिला शिक्षिका कथित तौर पर साथ समय बिताने और प्यार-मोहब्बत करने के लिए कक्षाएं समय से पहले खत्म कर देते थे. इसकी शिकायत के बाद दोनों शिक्षकों पर कार्रवाई की गई और उनका ट्रांसफर कर दिया गया है. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
बच्चों ने पढ़ाई डिस्टर्ब होने की बात कही
छिंदवाड़ा में जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर बीछ बाहरी गांव के सरकारी स्कूल के छात्रों ने एक शिकायत की. छात्रों ने जनसुनवाई के दौरान कलेक्टरेट पहुंचकर आरोप लगाया कि शिक्षक और अतिथि महिला शिक्षिका कथित तौर पर साथ समय बिताने के लिए कक्षाएं समय से पहले खत्म कर देते थे, जिससे उनकी पढ़ाई डिस्टर्ब हो रही थी.
ये भी पढ़ें: खुद की गर्दन पर चाकू चला रेलवे लाइन पर जा लेटा युवक... जानें पूरी वारदात
जांच के बाद दोनों शिक्षकों का ट्रांसफर
शिकायत के बाद कलेक्टर ने जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त सत्येंद्र सिंह मरकाम को जांच के निर्देश दिए. पीटीआई के अनुसार जांच समिति की रिपोर्ट के बाद दोनों शिक्षकों को तत्काल स्कूल से हटाकर अलग-अलग स्कूलों में ट्रांसफर कर दिया गया. इसके साथ ही नए अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति के आदेश भी जारी किए गए हैं. हालांकि, दोनों शिक्षकों ने आरोपों से इनकार किया है और अतिथि शिक्षिका ने इसे उन्हें पद से हटाने की साजिश बताया है.
