दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सोमवार (20 जुलाई) को अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को एक हाथ से लिखा लेटर दिया. इसमें उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत अब पूरी तरह ठीक है और सभी हेल्थ चेकअप में नॉर्मल हैं. वांगचुक ने हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन से अनुरोध किया कि उन्हें कुछ समय के लिए ही सही, अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति दी जाए ताकि वे CJP के 'संसद चलो' मार्च में शामिल होकर अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से संसद तक पहुंचा सकें. उनका यह पत्र ऐसे समय सामने आया है, जब संसद का मानसून सत्र शुरू हो चुका है और उनके आंदोलन को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज है.
सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, इलाज जारी : सफदरजंग अस्पताल
सफदरजंग अस्पताल ने बताया कि सोनम वांगचुक की तबीयत फिलहाल ठीक और स्थिर है. हालांकि, उनके खून की कुछ जांच रिपोर्ट पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं. अस्पताल के मुताबिक, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम समय-समय पर उनकी जांच कर रही है और उन्हें जरूरी इलाज दिया जा रहा है. सोमवार सुबह 10 बजे जारी हेल्थ बुलेटिन में अस्पताल ने कहा कि वांगचुक का इलाज पूरी देखभाल के साथ जारी है.
ये भी पढ़ें: सोनम वांगचुक आज तोड़ेंगे भूख हड़ताल, पहले सरकार को माननी होंगी 3 शर्तें
अस्पताल के हेल्थ बुलेटिन में कहा गया है कि सफदरजंग अस्पताल और एम्स के डॉक्टर लगातार सोनम वांगचुक की सेहत पर नजर रखे हुए हैं. किसी भी तरह की दिक्कत समय रहते पकड़ने और तुरंत इलाज करने के लिए उनकी लगातार निगरानी जरूरी है. अस्पताल ने यह भी कहा कि वांगचुक को इलाज और देखभाल से जुड़ी हर जरूरी मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
सफदरजंग अस्पताल ले गई थी पुलिस वांगचुक को
सोनम वांगचुक को शनिवार (18 जुलाई) को उनके अनशन के 21वें दिन दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले गई थी. उन्होंने 28 जून से NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और इस मामले से जुड़े छात्रों की कथित मौत के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के समर्थन में आमरण अनशन शुरू किया था.
