गुरुग्राम के बेहद व्यस्त IFFCO चौक पर मंगलवार को सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया. देखते ही देखते सड़क पर करीब 25 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया. जिस जगह यह गड्ढा बना, वहां से हर दिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं. ऐसे में अगर सड़क धंसने के वक्त कोई वाहन वहां से गुजर रहा होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
सड़क के अचानक धंसने की तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. आखिर व्यस्त सड़क के बीच इतनी बड़ी जगह अचानक कैसे धंस गई?
अचानक धंसी सड़क, मौके पर मची अफरा-तफरी
सड़क धंसने की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और प्रभावित हिस्से की बैरिकेडिंग कर दी. गड्ढे के आसपास वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि कोई वाहन या राहगीर इसकी चपेट में न आए.
IFFCO चौक से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और MG रोड की तरफ बड़ी संख्या में वाहन आते-जाते हैं. ऐसे में सड़क के बीच अचानक बने इतने बड़े गड्ढे ने ट्रैफिक व्यवस्था के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी
बारिश के बाद धंसी सड़क?
गुरुग्राम में लगातार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक सड़क के नीचे से गुजर रही सीवर लाइन में लीकेज को सड़क धंसने की संभावित वजह माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि सीवर लाइन से पानी का रिसाव होने पर आसपास की मिट्टी कमजोर होकर अचानक सड़क धंस गया.
GMDA के अधिकारियों के मुताबिक प्रभावित लाइन की जांच और मरम्मत का काम किया जा रहा है. फिलहाल सड़क के धंसे हिस्से को सुरक्षित रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है.
