तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी सस्पेंस के बीच अब रिजॉर्ट पॉलिटिक्स शुरू हो गई है. AIADMK ने बुधवार (6 मई) को अपने 15 से ज्यादा विधायकों को टूट-फूट के डर से पड़ोसी केंद्रशासित प्रदेश पुदुचेरी के एक बड़े रिजॉर्ट में भेज दिया. तमिलनाडु में राजनीतिक जोड़-तोड़ और बहुमत के आंकड़े को लेकर हलचल लगातार तेज बनी हुई है.
‘द शोर त्रिश्वम’ रिजॉर्ट में 20 से ज्यादा कमरे बुक
इंडिया टुडे ने अपने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है. सूत्रों के मुताबिक, AIADMK के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सीवी शन्मुगम ने पुदुचेरी के ‘द शोर त्रिश्वम’ रिजॉर्ट में 20 से ज्यादा कमरे बुक कराए हैं. ये इंतजाम फिलहाल गुरुवार (7 मई) तक के लिए किए गए हैं. कई विधायक वहां पहुंच चुके हैं, जबकि बाकी रास्ते में हैं.
यह भी पढ़ें : तमिलनाडु में सत्ता का रास्ता साफ? विजय की TVK को कांग्रेस का समर्थन
सरकार गठन की तस्वीर जैसे-जैसे साफ होगी, आने वाले दिनों में रिजॉर्ट में और कमरे बुक किए जा सकते हैं. पार्टी फिलहाल अपने विधायकों को साथ रखने की तैयारी में जुटी है.
AIADMK के कुछ विधायक देना चाहते हैं TVK को समर्थन
AIADMK के अंदर भी हलचल की खबरें सामने आ रही हैं. बताया जा रहा है कि कुछ विधायक विजय की पार्टी TVK को समर्थन देने के पक्ष में हैं. TVK इस चुनाव में 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 सीटों के आंकड़े से अभी भी पीछे है.
क्या DMK और AIADMK आएंगे साथ?
इस बीच तमिलनाडु की राजनीति में एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि DMK ने अपने पुराने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी AIADMK के साथ बैकचैनल बातचीत शुरू की है. AIADMK सूत्रों ने बातचीत की पुष्टि तो की है, लेकिन किसी गठबंधन पर अभी तस्वीर साफ नहीं है. फिलहाल आंकड़ों का खेल काफी दिलचस्प बना हुआ है. DMK के पास 59 सीटें हैं, जबकि AIADMK के खाते में 47 सीटें हैं, ऐसे में दोनों का साथ आना बड़ा राजनीतिक मोड़ साबित हो सकता है.
विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था
इससे पहले विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात की थी. हालांकि राज्यपाल ने उनसे 118 विधायकों के समर्थन का सबूत लाने को कहा. सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल विजय को 112 विधायकों का समर्थन हासिल है, जिसमें कांग्रेस के 5 विधायक भी शामिल हैं, लेकिन बहुमत के आंकड़े से वे अभी पीछे हैं. कांग्रेस से गठबंधन तय होने के बाद TVK ने AIADMK के साथ बातचीत फिलहाल रोक दी है, हालांकि दूसरे दलों के साथ लगातार चर्चा जारी है.