Rain Alert: देश के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से मानसून की सक्रियता और बढ़ गई है. पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन के बाद पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर सड़क पर गिर गए. इसके कारण करीब 200 यात्री रास्ते में फंस गए. हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भारी बारिश से जलभराव हुआ और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही. दक्षिण भारत में केरल और तटीय कर्नाटक में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. वहीं, पूर्वोत्तर राज्य असम अब भी गंभीर बाढ़ की चपेट में है.
केरल में सामान्य से 181 प्रतिशत अधिक बारिश
केरल में अगस्त के शुरुआती चार दिनों के दौरान सामान्य से 181 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई. एक से चार अगस्त के बीच राज्य में 205.8 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 73.2 मिलीमीटर मानी जाती है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
उत्तराखंड में चारधाम मार्गों पर मुश्किलें
चमोली में बद्रीनाथ हाईवे पर भूस्खलन के बाद सड़क से मलबा हटाने का काम जारी है. यमुनोत्री मार्ग पर स्यानाचट्टी के पास एक विशाल बोल्डर गिरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है. उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे के एक हिस्से में दरारें और जमीन धंसने की खबर है. ऋषिकेश में गंगा नदी के चेतावनी स्तर के करीब पहुंचने के बाद एसडीआरएफ की तैनाती बढ़ा दी गई है.
हरियाणा और उत्तर प्रदेश में जलभराव
हरियाणा के अंबाला और झज्जर में लगातार बारिश के कारण सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं. कई दुकानों में भी पानी घुस गया. उत्तर प्रदेश के आगरा, लखनऊ, कानपुर, मुजफ्फरनगर, वाराणसी और मथुरा सहित कई शहरों में जलभराव की स्थिति बनी रही. मथुरा के वृंदावन में कुछ स्थानों पर करीब चार फीट तक पानी भर गया. आगरा के कई इलाकों में खराब मौसम के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी.
केरल-कर्नाटक में रेड अलर्ट
केरल के कई निचले और नदी किनारे वाले इलाके पानी में डूब गए हैं. प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है. राज्य सरकार ने बाढ़ में खोए दस्तावेज दोबारा जारी करने, बच्चों को पाठ्यपुस्तक उपलब्ध कराने और राहत कार्यों में तेजी लाने की घोषणा की है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. तटीय कर्नाटक में उडुपी के स्कलाही क्षेत्र में 189 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. नेत्रावती सहित कई नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं. पहाड़ी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.
असम में 1.22 लाख लोग प्रभावित
असम में बाढ़ से दो और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 89 हो गई है. राज्य में करीब 1.22 लाख लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं. मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में भारी बारिश का अनुमान जताया है. राजस्थान के कई इलाकों में भी सक्रिय मानसून के कारण बारिश जारी रहने की संभावना है.
Also Read: Bihar Rain Alert: इन दो जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने पूरे बिहार के लिए जारी किया अलर्ट
