Rain Alert: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 और 7 मई के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है. कई स्थानों पर 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है. उत्तराखंड में यही स्थिति 8 मई तक बनी रह सकती है. पूर्वी राजस्थान में 6 से 9 मई के बीच बारिश का दौर जारी रह सकता है. 10 और 11 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है. इसके कारण एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है.
बिहार झारखंड़ से लेकर असम मेघालय में 7 मई तक बारिश की संभावना
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम का मूड़ बिगड़ा हुआ है. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6 और 7 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 6 मई को कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी भारत में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में 6 से 10 मई के बीच कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है.
मध्य भारत में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्रों में 6 से 9 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की गति 60 से 70 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है.
दक्षिण भारत में सक्रिय मौसम प्रणाली
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 6 से 9 मई के बीच लगातार गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रह सकता है. केरल और तमिलनाडु में अगले कई दिनों तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. तटीय और आंतरिक कर्नाटक में भी कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
Also Read: झारखंड में मौसम ने ली करवट, बारिश और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी
