Rain Alert: 3 से 7 मार्च के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के कुछ राज्यों में मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे होली के रंग में भंग पड़ सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश में 20-30 kmph की स्पीड से तेज हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है. तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
पश्चिमी विक्षोभ का दिख सकता है असर
मौसम विभाग का अनुमान है कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 4 से 7 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में हल्की बारिश और की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 1 मार्च को असम और मेघालय, सिक्किम, केरल और माहे और लक्षद्वीप में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 4 से 7 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
1 से 3 मार्च के दौरान हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
अधिकतम तापमान कितना रह सकता है
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है. उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं मध्य भारत में अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है और उसके बाद 2 दिनों में कोई खास बदलाव नहीं होगा. अगले 4 से 5 दिनों में पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद के 2 से 3 दिनों में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी.
गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी
मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 और 5 मार्च को कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों में और 4 से 7 मार्च के दौरान गुजरात राज्य में गर्म और उमस भरे हालात रहने की संभावना है.
दिल्ली में न्यूनतम तापमान बढ़ा, चल सकती है तेज हवा
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2.9 डिग्री अधिक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिन के दौरान तेज हवाएं चलने का अनुमान है. जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
