Rain Alert: मौसम का मूड एक बार फिर बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार लगातार सक्रिय हो रहे तीन पश्चिमी विक्षोभों के असर से इस सप्ताह देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है. आईएमडी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं असम-मेघालय समेत पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम के तेवर तल्ख रह सकते हैं. यहां छिटपुट से लेकर कई इलाकों में भारी बारिश, बिजली चमकने और तेज हवा चलने के आसार हैं. खासतौर पर अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 24 मार्च और 27 से 28 मार्च को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं. एक नजर डालते हैं देश के राज्यों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज.
पहाड़ी राज्यों समेत उत्तर-पश्चिमी भारत का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 26 और 28 मार्च को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद में हल्की से लेकर मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 26 मार्च को हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. वहीं 27 मार्च को उत्तराखंड कहीं-कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में गरज, बिजली चमकने और 30 से 50 kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
मैदानी इलाकों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 26 मार्च को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में बारिश हो सकती है. 28 मार्च को राजस्थान में कहीं-कहीं गरज, बिजली चमकने और 30 से 50 kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
असम-अरुणाचल प्रदेश समेत पूर्वोत्तर भारत में गरज-चमक के साथ बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 24 मार्च को अरुणाचल प्रदेश, 24 और 27 मार्च को असम और मेघालय में छिटपुट से लेकर मध्यम दर्जें की बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही गरज, बिजली चमकने और 30 से 50 kmph की रफ़्तार से तेज हवा चल सकती है. 28 मार्च को असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की भी संभावना है.
बिहार-बंगाल में कैसा रहेगा मौसम?
23 से 27 मार्च के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से लेकर मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. गरज-चमक के साथ 30 से 50 kmph की रफ़्तार से तेज हवा चल सकती है. वहीं 26 और 27 मार्च को बिहार में भी बारिश की संभावना है. झारखंड और ओडिशा में 27 और 28 मार्च को एक बार फिर बारिश हो सकती है.
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा में 23 से 27 मार्च के दौरान बारिश की संभावना है. वहीं, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 25 से 27 मार्च के दौरान बारिश हो सकती है. जबकि, तेलंगाना में 26 और 27 मार्च को कुछ जगहों पर गरज, बिजली चमकने और 30 से 40 kmph की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
Also Read: राजस्थान में फिर बिगड़ेगा मौसम, 26,27,28 और 31 मार्च तक बारिश की चेतावनी
